जगदलपुर, 10 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ में शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कोरोना काल में अस्पतालों में सेवा देने वाले हजारों अभ्यर्थियों के अनुभव प्रमाण पत्रों की सत्यापित सूची सार्वजनिक कर दी गई है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा जारी इस अपडेट के बाद अब भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ अगले चरण में प्रवेश कर चुकी है।
विभागीय जानकारी के अनुसार संभाग स्तरीय समितियों द्वारा 30 जनवरी से 8 फरवरी के बीच किए गए भौतिक सत्यापन के परिणामों को आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। सूची जारी होने के साथ ही अभ्यर्थियों के लिए दावा-आपत्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
अभ्यर्थी 16 फरवरी तक अपने संबंधित संभाग के संयुक्त संचालक कार्यालय में जाकर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दावा-आपत्ति उसी संभाग में प्रस्तुत करनी होगी, जहां से अनुभव प्रमाण पत्र जारी हुआ है, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
संशोधित समय-सारणी के अनुसार 20 फरवरी तक आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। इसके बाद 3 मार्च को पहली मेरिट सूची जारी होगी। पुनः परीक्षण के बाद 19 मार्च 2026 को अंतिम चयन सूची विभाग की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करें और वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




