रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो बिलासपुर में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री, पेंड्रा रोड में 37.2 डिग्री, जगदलपुर में 37.5 डिग्री और अंबिकापुर में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई और मौसम शुष्क बना रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक 14 मार्च को राजधानी रायपुर में हल्का धुंध (हैज) रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले दो दिनों के बाद प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ वज्रपात की स्थिति बन सकती है।





