छत्तीसगढ़ के मध्य क्षेत्र में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को राजनांदगांव का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि दुर्ग और रायपुर में 43 डिग्री के आसपास तापमान दर्ज किया गया। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है, और न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का मध्य इलाका पूरी तरह से गर्मी की चपेट में है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और राजनांदगांव में लू जैसे हालात बन गए हैं। पिछले 24 घंटों में तापमान में औसतन 1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है और एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर चल सकती है। हालांकि, अगले दो दिनों के बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश के संकेत हैं। इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, विभिन्न मौसमी प्रणालियों के सक्रिय रहने के कारण 19 अप्रैल को भी प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। कुछ क्षेत्रों में ग्रीष्म लहर की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि बस्तर संभाग में तापमान में हल्की गिरावट संभव है।
राजधानी रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जिससे दिन और रात दोनों समय गर्मी का असर बना रहेगा।





