रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस्तर को छोड़कर लगभग पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का असर जारी है। लगातार दूसरे दिन राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने और लू चलने की चेतावनी जारी की है।
पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 44.4°C बिलासपुर में दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के कारण लोग दिनभर घरों में रहने को मजबूर हैं, जबकि बाहर निकलने वाले लोग सिर ढककर या छतरी का इस्तेमाल करते नजर आए।
रायपुर के लिए जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 27 अप्रैल को ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45°C और न्यूनतम तापमान 28°C के आसपास रह सकता है।
दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की राहत के संकेत हैं। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और अलग-अलग स्थानों पर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से एक-दो जगह हल्की बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, कुछ इलाकों में लू का असर बना रहेगा।
राजनांदगांव इस सीजन का सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जहां हाल ही में तापमान 45.5°C तक पहुंचा था। हालांकि रविवार को वहां का तापमान जारी नहीं किया गया।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा—रायपुर 44.2°C, माना एयरपोर्ट 43.8°C, बिलासपुर 44.4°C, पेंड्रारोड 42.5°C, अंबिकापुर 41.5°C, जगदलपुर 38.1°C और दुर्ग 43.9°C।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों तक गर्मी से राहत की संभावना कम है। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।





