July 31, 2026

हाईकोर्ट की स्टेटस रिपोर्ट जारी, सांसद-विधायकों समेत 15 से अधिक नेताओं के खिलाफ 20 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामलों की सुनवाई जारी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वर्ष 2026 की स्टेटस रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 15 से अधिक सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के खिलाफ 20 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामलों की सुनवाई विभिन्न अदालतों में जारी है। इन मामलों की नियमित रूप से फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से मॉनिटरिंग की जा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक देवेंद्र यादव, विधायक कवासी लखमा, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव समेत कई वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों के मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।

सबसे अधिक हाई-प्रोफाइल मामले राजधानी रायपुर की विशेष अदालतों में लंबित हैं। यहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कैलाश मुरारका और विजय भाटिया के खिलाफ आपराधिक मामलों की सुनवाई चल रही है। वहीं रायपुर के प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायालय में विधायक कवासी लखमा के खिलाफ एसीबी के विशेष प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला विचाराधीन है।

इसी तरह बिलासपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले में अगले महीने आरोप तय किए जाने हैं।

धोखाधड़ी के मामलों की भी सुनवाई जारी

राजनांदगांव के विशेष न्यायालय में पूर्व सांसद मधुसूदन यादव और मोहम्मद खालिद के खिलाफ जमाकर्ताओं के हितों के संरक्षण अधिनियम के तहत छह अलग-अलग मामलों की सुनवाई जारी है। इनमें से तीन मामलों में आरोपियों को राहत मिल चुकी है। वहीं जांजगीर-चांपा जिला न्यायालय में बालेश्वर साहू और गौतम राठौर के खिलाफ धोखाधड़ी (आईपीसी की धारा 420) और मारपीट से जुड़े मामलों में अभियोजन साक्ष्य की प्रक्रिया जारी है।