रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा सोमवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित मुख्यालय में विशेष लक्की ड्रॉ का आयोजन किया गया। राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 और 31 दिसंबर 2025 तक मंडल की विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं में पंजीयन कर भवन आबंटन प्राप्त करने वाले पात्र हितग्राहियों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में कई आकर्षक उपहारों के विजेताओं का चयन किया गया।
कार्यक्रम मंडल के अध्यक्ष Anurag Singh Dev और आयुक्त Avnish Sharan की उपस्थिति में संपन्न हुआ। लॉटरी पद्धति से पारदर्शी तरीके से ड्रॉ निकाला गया, जिसका अवलोकन हितग्राहियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने किया।
विशेष लक्की ड्रॉ में बंपर पुरस्कार मारुति स्विफ्ट कार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की पूजा बरेठ के नाम निकली। उन्होंने अटल विहार योजना, दानसरा में एलआईजी भवन बुक कराया था।
वहीं होंडा शाइन मोटरसाइकिल कोरबा के खरमोरा निवासी रवि प्रकाश राठौर और होंडा एक्टिवा स्कूटी खरमोरा के ही कृष्ण कुमार ने जीती।
रेफ्रिजरेटर के विजेताओं में सुषमा गुप्ता और अरुण कुमार प्रधान शामिल रहे। वहीं वाशिंग मशीन ओम सोनी और रेणुका घृतलहरे के नाम निकली।
एलईडी टेलीविजन के लिए गजेंद्र कुमार यादव और संजीत कुमार साह को विजेता घोषित किया गया।
मंडल ने बताया कि राज्य स्तरीय आवास मेले के दौरान भी प्रतिदिन कूपन आधारित लक्की ड्रॉ आयोजित कर एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन, फ्रिज, मिक्सर ग्राइंडर और स्टीम आयरन जैसे उपहार वितरित किए गए थे।
विशेष लक्की ड्रॉ के विजेताओं को उपहार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 25 जून 2026 को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित होगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि गृह निर्माण मंडल प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने और हितग्राही-केंद्रित योजनाओं के माध्यम से अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
आयुक्त अवनीश शरण ने भी हितग्राहियों का आभार व्यक्त करते हुए मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा भविष्य में भी योजनाओं में सक्रिय सहभागिता बनाए रखने की अपील की।





