July 31, 2026

CG IAS News: IAS अवनीश शरण की फिटनेस जर्नी बनी मिसाल, एक साल में बदली सेहत, कोलेस्ट्रॉल से बॉडी फैट तक हुआ बड़ा बदलाव

रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अवनीश शरण इन दिनों अपनी प्रेरणादायक फिटनेस जर्नी को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए उनके अनुभव ने हजारों लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने बताया कि अनुशासन, नियमित व्यायाम और संतुलित खानपान की बदौलत उन्होंने न केवल अपनी फिटनेस में बड़ा बदलाव किया, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी सभी प्रमुख पैरामीटर भी बेहतर किए।

कोविड के बाद शुरू हुई फिटनेस की नई शुरुआत

आईएएस अवनीश शरण ने बताया कि कोविड महामारी के बाद वर्ष 2020 में उन्होंने फिटनेस पर काम शुरू किया था। हालांकि नौकरी की व्यस्तता, पारिवारिक जिम्मेदारियों और वर्ष 2024 में हुई सर्जरी के कारण उनकी दिनचर्या प्रभावित होती रही। जून 2025 में उन्होंने नए संकल्प के साथ दोबारा शुरुआत की और इस बार लक्ष्य केवल वजन कम करना नहीं, बल्कि खुद को पहले से अधिक स्वस्थ बनाना था।

स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और हाई-प्रोटीन डाइट से बदली सेहत

उन्होंने अपनी दिनचर्या में नियमित स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, उच्च-प्रोटीन और संतुलित आहार, कैलोरी ट्रैकिंग, रोजाना पैदल चलना, पर्याप्त नींद और रिकवरी को शामिल किया। अवनीश शरण ने बताया कि 1 जनवरी 2026 को उन्होंने बेटी वेदिका के 27 जून के जन्मदिन तक अपनी सर्वश्रेष्ठ फिटनेस हासिल करने का लक्ष्य तय किया था। इस पूरी यात्रा में उनकी पत्नी रुद्राणी ने हर कदम पर उनका साथ दिया।

ब्लड रिपोर्ट में भी दिखा बड़ा सुधार

अवनीश शरण के अनुसार, सितंबर 2025 से मई 2026 के बीच उनकी स्वास्थ्य रिपोर्ट में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। कुल कोलेस्ट्रॉल 278 से घटकर 158, एलडीएल 205.2 से 83, एचडीएल 51 से बढ़कर 62.8 और ट्राइग्लिसराइड्स 109 से घटकर 61.9 हो गया। वहीं बॉडी फैट 30 प्रतिशत से अधिक से घटकर सिंगल डिजिट में पहुंच गया, जिससे हृदय रोगों का जोखिम भी काफी कम हुआ।

अनुशासन और निरंतरता को बताया सफलता की कुंजी

अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी बदलाव के लिए प्रेरणा से अधिक अनुशासन और निरंतरता जरूरी है। उनका मानना है कि स्वास्थ्य का आकलन केवल वजन से नहीं, बल्कि ब्लड रिपोर्ट, शरीर की क्षमता और ऊर्जा के स्तर से भी होना चाहिए। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, पर्याप्त प्रोटीन, अच्छी नींद और संतुलित जीवनशैली अपनाने की अपील की।

पोस्ट के अंत में अवनीश शरण ने लिखा, “मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि वजन कम करना नहीं, बल्कि 45 वर्ष की उम्र में 39 वर्ष की उम्र से अधिक स्वस्थ होना है। इस यात्रा ने मुझे सिखाया कि अनुशासन प्रेरणा से अधिक शक्तिशाली है, निरंतरता पूर्णता से अधिक मूल्यवान है और स्वास्थ्य से बड़ा कोई निवेश नहीं।”