July 23, 2026

CG Jail Update: बीजापुर और नारायणपुर उप जेल का हुआ उन्नयन, अब जिला जेल के समकक्ष मिली मान्यता

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने जेल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बीजापुर और नारायणपुर उप जेल का उन्नयन (अपग्रेड) कर उन्हें जिला जेल के समकक्ष अधिसूचित कर दिया है। इस संबंध में जेल विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।

जेल महानिदेशक (डीजी) हिमांशु गुप्ता ने बताया कि दोनों उप जेलों के उन्नयन से बंदियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही जेलों की बंदी क्षमता बढ़ेगी और स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि उन्नयन के बाद बंदियों के सुधार एवं कौशल विकास कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा। वहीं परिजनों को भी मुलाकात सहित अन्य सुविधाओं का बेहतर लाभ मिलेगा।

डीजी जेल के अनुसार, इस निर्णय से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी, सुरक्षा जोखिम कम होंगे तथा अतिरिक्त बल की आवश्यकता में भी कमी आएगी। साथ ही जेलों के बुनियादी ढांचे का विस्तार और आधुनिकीकरण किया जाएगा, जिससे जेल प्रबंधन अधिक प्रभावी और व्यवस्थित हो सकेगा।