दुर्ग। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। दुर्ग जिले में शुक्रवार को हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के नए भवन परिसर में विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में 1000 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए 15 निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी। खास बात यह है कि 10वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर और प्रोफेशनल कोर्स कर चुके अभ्यर्थी भी इसमें शामिल होकर रोजगार के अवसर पा सकते हैं।
रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा इंजीनियरिंग, इंजीनियरिंग स्नातक, एमबीबीएस, बीएएमएस, नर्सिंग, जीएनएम, एएनएम, डिप्लोमा पैरामेडिकल सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार विभाग की वेबसाइट www.erojgar.cg.gov.in या छत्तीसगढ़ रोजगार मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए रोजगार पंजीयन अनिवार्य होगा।
बालोद में भी लगेगा प्लेसमेंट कैंप
इधर, बालोद जिले के शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, गुण्डरदेही में भी शुक्रवार को प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाएगा। यहां 851 तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। इस कैंप में 10वीं, 12वीं, बीएससी एग्रीकल्चर, स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजीडीसीए, बीएससी नर्सिंग और अन्य योग्यताधारी अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।
भर्ती में एसआर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, दुर्ग में 575 पद, सेफ इंटेलीजेंट सिक्यूरिटी सर्विसेस, भिलाई में 206 पद और पुस्कल एग्रोटेक लिमिटेड, रायपुर में 70 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
रोजगार विभाग के अनुसार, रिक्त पदों और भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग से संपर्क कर सकते हैं।





