रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 जून को संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकायों के आम एवं उपचुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की निगरानी में हुई मतगणना में भारतीय जनता पार्टी ने पांच नगर पंचायत अध्यक्ष पदों में से तीन पर जीत दर्ज कर बढ़त हासिल की, जबकि कांग्रेस ने दो नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद अपने नाम किए। प्रदेशभर में नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, जनपद सदस्य, सरपंच और पंच समेत कुल 1310 रिक्त पदों के लिए मतदान कराया गया था।
नवगठित नगर पंचायतों घुमका, बम्हनीडीह, शिवानंदनपुर और पलारी के परिणामों पर विशेष नजर रही। इन क्षेत्रों में पहली बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों के चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कवर्धा जिले की सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने 754 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। वहीं जांजगीर-चांपा जिले की बम्हनीडीह नगर पंचायत में भाजपा के रमेश डडसेना विजयी रहे। सूरजपुर जिले की शिवानंदनपुर नगर पंचायत में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रितेश जायसवाल अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
दूसरी ओर राजनांदगांव जिले की घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा ने 85 मतों से जीत हासिल की। बालोद जिले की नवगठित पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश कुमार अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने में सफल रहे।
वार्ड चुनाव परिणामों में भी कई स्थानों पर दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले। घुमका और बम्हनीडीह में भाजपा को बढ़त मिली, जबकि पलारी में कांग्रेस ने अधिक वार्डों में जीत दर्ज की। पलारी के एक वार्ड में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों को बराबर मत मिले हैं, जिसके चलते विजेता का फैसला टॉस के जरिए किया जाएगा।
उपचुनावों में भी कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला देखने को मिला। जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी विजयी रहे। बिलासपुर नगर निगम के संजय गांधी नगर वार्ड में कांग्रेस उम्मीदवार शेख आज़म ने जीत दर्ज की। वहीं जशपुर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 8 और 14 में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। कांकेर जिले के चारामा और पखांजूर नगर पंचायत वार्डों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी विजयी रहे।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। 1 जून को हुए मतदान में नगरीय निकाय क्षेत्रों में 84.58 प्रतिशत और पंचायत क्षेत्रों में 78.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। पंचायत चुनाव में 10 जनपद पंचायत सदस्य, 34 सरपंच और 107 पंच पदों के लिए भी मतदान कराया गया, जिनके परिणामों ने कई क्षेत्रों में स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित किया है।
चुनाव परिणामों के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई स्थानों पर समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया और विजयी प्रत्याशियों का स्वागत किया।





