जांजगीर-चांपा जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माइनिंग माफिया पर कड़ा प्रहार किया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने जिले के कई क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान केवा, नवापारा, भादा, पुछेली, पिपरदा, बम्हनीडीह, केराकछार, खोरसी, देवरघटा और शिवरीनारायण समेत विभिन्न इलाकों में छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध खनिज परिवहन के कुल 15 मामलों में वाहनों को जब्त किया गया।
खनिज विभाग के अनुसार, रेत के अवैध परिवहन के 9 प्रकरण सामने आए, जिनमें 6 ट्रैक्टर और 3 हाईवा शामिल हैं। इसके अलावा मिट्टी (ईंट) के 3 और चूना पत्थर के 3 मामलों में भी ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं।
जब्त वाहनों को शिवरीनारायण, पामगढ़, बिर्रा, पंतोरा थाना और पुलिस लाइन जांजगीर में रखा गया है। संबंधित आरोपियों के खिलाफ खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





