रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है, जबकि कई इलाकों में उमस और गर्मी का असर बना हुआ है। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। आषाढ़ मास की शुरुआत के साथ लोगों को अच्छी बारिश की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 1 जुलाई से पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं-कहीं मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं मर्रीबंगला देवरी, नारायणपुर, जगरगुंडा और जगदलपुर में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
इसके अलावा हरदीबाजार, मनोरा, चंद्रपुर, नवागढ़, पेंड्रा, छुरिया, खरसिया, खैरागढ़, भोथिया और गंगालूर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
सक्रिय हैं कई मौसम प्रणालियां
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक फैली हुई है। वहीं उत्तरी तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है।
इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार, अधो हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मणिपुर तक एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर बनी हुई है। इन प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

गरज-चमक और भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ बारिश होने के संकेत दिए हैं। शहर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





