रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और इसकी तेज गतिविधियों के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया, जबकि कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है।
कहां हुई कितनी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, मनेन्द्रगढ़ में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा नगरी, कुकरेल, रतनपुर, हरदीबाजार, पथरिया, मुकडेगा, बलौदा बाजार, पलारी और भाटापारा में 4-4 सेंटीमीटर बारिश हुई। कुकदुर, मनोरा, पेण्ड्रा रोड, खड़गवां, कापू, कोंटा, सिमगा, पौड़ी उपरोड़ा, धमतरी, दर्री, बोदरी, मस्तूरी, बीजापुर, पिथौरा और सकरी में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में सोमवार को भी मौसम सुहावना बने रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
सक्रिय हैं कई मौसम प्रणालियां
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और उससे लगे बिहार क्षेत्र के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा उत्तरी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका सक्रिय है। वहीं उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और भारी बारिश हो सकती है।
वहीं उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए अगले तीन घंटे के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।





