रायपुर।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक ललित चंद्राकर पिंक ई-रिक्शा से विधानसभा पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार की पहल को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
विधानसभा रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि पिंक ई-रिक्शा योजना महिलाओं के लिए रोजगार का बेहतर माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पिंक ई-रिक्शा का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि इससे “पिंक दीदियों” को रोजगार के अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर बनेंगी।
इधर, मानसून सत्र के हंगामेदार रहने के संकेत हैं। विपक्षी कांग्रेस ने बिजली संकट, महंगाई, ‘नकटी’ प्रकरण समेत कई जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस सत्र के दौरान ‘नकटी’ मामले पर स्थगन प्रस्ताव लाने के साथ ही 14 जुलाई को सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी पेश करेगी।
सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





