रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने के बाद मानसून महज 24 घंटों के भीतर करीब 75 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम के कुछ हिस्सों में भी मानसून की औपचारिक दस्तक हो सकती है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम अस्थिर और बारिश वाला बने रहने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार शाम हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में अब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। मंगलवार को सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान राजनांदगांव में 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। डौंडी और नांगर में 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। मैनपुर और धमतरी में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बस्तर, कांकेर, गरियाबंद, राजनांदगांव, रायपुर और भिलाई सहित कई इलाकों में 1 से 3 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।
मौसम विभाग ने आज कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित लगभग पूरे प्रदेश में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा, बादल गरजने और बारिश को लेकर यलो अलर्ट लागू है।
राजधानी रायपुर में आज भी मौसम बदला हुआ रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।





