डेस्क रिपोर्ट | छत्तीसगढ़ न्यूज | रायपुर
छत्तीसगढ़ में आज का दिन साहित्य, राजनीति, खेल और प्रशासनिक बदलावों से भरपूर रहने वाला है। राजधानी रायपुर में तीन दिवसीय रायपुर साहित्य उत्सव का शुभारंभ हो रहा है, वहीं भारत-न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। इसके साथ ही रायपुर में आज से पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली भी लागू हो गई है। पढ़िए CG Morning News की प्रमुख खबरें —
📚 आज से शुरू होगा तीन दिवसीय रायपुर साहित्य उत्सव
रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में आज यानी गुरुवार से तीन दिवसीय रायपुर साहित्य उत्सव का शुभारंभ होने जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह करेंगे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम विनोद कुमार शुक्ल मंडप में सुबह 10:30 बजे आयोजित होगा। इसमें विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और फिल्म अभिनेता मनोज जोशी भी मौजूद रहेंगे।
देशभर से नामचीन साहित्यकार, कवि और पत्रकार इस उत्सव में हिस्सा लेंगे। यह आयोजन 25 जनवरी तक चलेगा। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री साय लोकभवन में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान करेंगे।
🏛️ अंबिकापुर दौरे पर रहेंगे पूर्व CM भूपेश बघेल
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज अंबिकापुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे शाम 5 बजे अंबिकापुर पहुंचेंगे और इसके बाद करगी रोड, कोटा में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद पूर्व सीएम आज बिलासपुर में रात्रि विश्राम करेंगे।
🏏 रायपुर में आज इंडिया vs न्यूजीलैंड टी-20 मुकाबला
राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा।
भारत ने पहला मैच जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। आज बड़ी संख्या में दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की संभावना है। मुकाबले को लेकर प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है।
🚔 रायपुर में आज से लागू हुई पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली
राजधानी रायपुर में आज से पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू हो गई है। IPS अधिकारी संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
कमिश्नरेट सिस्टम के तहत राजधानी को तीन हिस्सों में बांटा गया है —
- रायपुर पश्चिम
- रायपुर मध्य
- रायपुर उत्तर
गृह विभाग ने नई व्यवस्था के तहत अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं जारी कर दी हैं। इससे कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक और अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।





