March 5, 2026

CG Morning News : जशपुर दौरे पर रहेंगे CM साय, चित्रोत्पला फिल्म सिटी का भूमिपूजन आज, रायपुर साहित्य महोत्सव का दूसरा दिन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक गतिविधियों से भरा दिन रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे, नवा रायपुर में चित्रोत्पला फिल्म सिटी का भूमिपूजन होगा, वहीं रायपुर साहित्य महोत्सव का आज दूसरा दिन है। इसके अलावा कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर चुनावी वादों से पलटने का आरोप लगाया है। आइए जानते हैं आज की प्रमुख खबरें —


📍 जशपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार से जशपुर जिले के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे तूता पहुंचकर ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ का भूमिपूजन करेंगे और डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद दोपहर 2 बजे हेलीकॉप्टर से जशपुर रवाना होंगे। कोतबा में विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे और रात्रि विश्राम ग्राम बगिया में करेंगे।


🎬 चित्रोत्पला फिल्म सिटी का भूमिपूजन आज

नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर–23 माना-तूता में प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्रायबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का भूमिपूजन आज सुबह 11:30 बजे होगा।

यह परियोजना केंद्र सरकार की कैपिटल इन्वेस्टमेंट सहायता योजना के तहत स्वीकृत हुई है। इससे राज्य में फिल्म टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।


🚦 सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन

पं. दीनदयाल सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा सप्ताह का आज समापन होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।


📚 रायपुर साहित्य महोत्सव का आज दूसरा दिन

नवा रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित रायपुर साहित्य महोत्सव का आज दूसरा दिन है। आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विशेष काव्य पाठ होगा।

इस महोत्सव में देशभर से 120 से अधिक ख्यातिनाम साहित्यकार भाग ले रहे हैं।


🗣️ चुनावी वादों से पलटी भाजपा सरकार : कांग्रेस

नवा रायपुर में डीएड अभ्यर्थियों, मध्यान्ह भोजन रसोइयों और सीएएफ अभ्यर्थियों के आंदोलन के समर्थन में उतरी कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है।

प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी के नाम पर अनियमित कर्मचारियों को 100 दिन में नियमित करने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार अब अपने वादों से पलट गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनकारियों पर कार्रवाई की जा रही है और अनशन पर बैठी महिला अभ्यर्थियों तक एंबुलेंस नहीं पहुंचने दी गई।


🏥 मंत्री जायसवाल करेंगे मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर का दौरा

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे ग्राम पंचायत लाई में ‘विकसित भारत जी राम जी’ कार्यक्रम और ग्राम पंचायत मेरो में कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होंगे।