July 30, 2026

CG Morning News: आज से नया शैक्षणिक सत्र शुरू, मंत्रालय में बैठकों में व्यस्त रहेंगे मुख्यमंत्री साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक, शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंत्रालय में विभिन्न बैठकों में शामिल होंगे। वहीं प्रदेशभर में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ शाला प्रवेश उत्सव का शुभारंभ भी होगा। इसके अलावा कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस, रैपर एप्पी राजा का अंतिम संस्कार और रविवि से संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया भी आज से शुरू होगी।

मंत्रालय में बैठकों में व्यस्त रहेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से महानदी भवन (मंत्रालय) के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:25 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक विभिन्न प्रशासनिक बैठकों और कार्यालयीन कार्यों में व्यस्त रहेंगे। इसके बाद वे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

आज से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र

प्रदेश के सभी शासकीय और निजी स्कूलों में आज से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो रही है। इसके साथ ही 16 जून से 27 जून तक शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। अभियान के तहत नए विद्यार्थियों का नामांकन, यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तकों और साइकिलों का वितरण किया जाएगा।

शाला प्रवेश उत्सव के समापन अवसर पर 30 जून को संभाग स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और शिक्षा मंत्री भी शामिल होंगे।

बिजली दरों को लेकर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आज दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। प्रेसवार्ता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज संबोधित करेंगे। इस दौरान बिजली दरों में वृद्धि सहित विभिन्न जनहित और प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस अपना पक्ष रखेगी।

एप्पी राजा का आज होगा अंतिम संस्कार

छत्तीसगढ़ी रैप संगीत को नई पहचान दिलाने वाले रैपर एप्पी राजा का सोमवार को रायपुर एम्स में निधन हो गया था। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार आज कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में किया जाएगा। उनके निधन से प्रदेश के संगीत प्रेमियों में शोक की लहर है।

रविवि से संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की प्रक्रिया आज से प्रारंभ हो रही है।

प्रवेश तीन चरणों में होगा। छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा।

  • पहली मेरिट सूची – 27 जून
  • दूसरी मेरिट सूची – 11 जुलाई
  • तीसरी मेरिट सूची – 17 जुलाई

महाविद्यालयों द्वारा मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

आचार्य पदारोहण महोत्सव

आयोजक: सकल जैन समाज छत्तीसगढ़ एवं अखिल भारतीय खरतरगच्छ महासंघ
स्थान: इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा

  • सुबह 8 बजे – वृहद शांतिधारा अभिषेक
  • सुबह 9 बजे – 504 जोड़ों द्वारा सूरीमंत्र महापूजन
  • दोपहर 12:30 बजे – श्री आदिनाथ पंचकल्याणक पूजन
  • शाम 7 बजे – प्रसिद्ध गायिका अनुराधा पौडवाल की भक्तिमय प्रस्तुति

सामूहिक उपनयन संस्कार

आयोजक: महाराष्ट्र मंडल एवं महाराष्ट्र संस्कार केंद्र
स्थान: महाराष्ट्र मंडल भवन, चौबे कॉलोनी
समय: सुबह 10:30 बजे

रामायण कथा एवं रामलीला उत्सव

स्थान: मां बम्लेश्वरी मंदिर, रामसागर पारा
समय: शाम 7:30 बजे से रात 10:30 बजे तक

प्रदेश में आज शिक्षा, प्रशासन, धर्म और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घटनाएं होने जा रही हैं, जिन पर लोगों की नजर रहेगी।