May 18, 2026

CG Morning News: सीएम साय आज जगन्नाथ मंदिर जाएंगे, विधानसभा बजट सत्र का 11वां दिन; हिंदी पेपर लीक पर NSUI का प्रदर्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से कई अहम कार्यक्रम होने वाले हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दिन रायपुर में ही व्यस्त कार्यक्रमों के साथ बीतेगा। वहीं विधानसभा के बजट सत्र का 11वां दिन भी आज काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके अलावा 12वीं के हिंदी पेपर लीक मामले को लेकर छात्र संगठन NSUI प्रदर्शन करने जा रहा है।

सीएम साय आज करेंगे जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 10.55 बजे रायपुर के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचेंगे। यहां वे भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे नवा रायपुर स्थित अपने निवास के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री विधानसभा पहुंचेंगे और सदन की कार्यवाही में शामिल होंगे।

विधानसभा के बजट सत्र का आज 11वां दिन
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 11वें दिन प्रश्नकाल के दौरान खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। इसके साथ ही राज्यपाल द्वारा लौटाए गए एक विधेयक की सूचना भी सदन में पढ़ी जाएगी।

सत्र के दौरान विधायक धरमलाल कौशिक और बालेश्वर साहू विभागीय मंत्रियों का ध्यानाकर्षण कराएंगे। वहीं विधायक रिकेश सेन, इंद्र शाह मंडावी और अटल श्रीवास्तव द्वारा याचिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी। इसके अलावा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और केदार कश्यप के विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विभागों की अनुदान मांगों पर भी सदन में विचार किया जाएगा।

हिंदी पेपर लीक मामले में NSUI का प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं कक्षा का हिंदी प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 14 मार्च को होने वाली परीक्षा से एक दिन पहले यानी 13 मार्च की रात को ही प्रश्नपत्र सोशल मीडिया, खासकर व्हाट्सऐप पर वायरल हो गया था। इस मामले को लेकर छात्र संगठन NSUI ने सोमवार को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) का घेराव करने का ऐलान किया है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

रीवा-रायपुर-रीवा फ्लाइट सेवा का कल शुभारंभ
छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए रायपुर-रीवा-रायपुर फ्लाइट सेवा का शुभारंभ 17 मार्च को किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मंत्री राजेंद्र शुक्ल शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव भी मौजूद रहेंगे।

17 मार्च को कांग्रेस करेगी विधानसभा का घेराव
कांग्रेस पार्टी कई मुद्दों को लेकर 17 मार्च को विधानसभा का घेराव करेगी। इस आंदोलन को “मनरेगा बचाओ संग्राम” नाम दिया गया है। दोपहर 12 बजे शंकर नगर स्थित भारत माता चौक से कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा की ओर कूच करेंगे। इस प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

भाजयुमो का होली मिलन समारोह कल
भारतीय जनता युवा मोर्चा का होली मिलन समारोह 17 मार्च को शाम 5 बजे शदाणी दरबार के समीप शहनाई गार्डन में आयोजित होगा। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कई मंत्री, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महापौर मीनल चौबे और पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिहा के नेतृत्व में किया जा रहा है।