CG Morning News : छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से काफी अहम रहने वाला है। विधानसभा के बजट सत्र में धर्म स्वातंत्र्य (संशोधन) विधेयक पेश किया जाएगा, वहीं कांग्रेस ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत विधानसभा घेराव करेगी। इसके अलावा रीवा-रायपुर फ्लाइट सेवा का भी आज शुभारंभ होगा। आइए जानते हैं आज की प्रमुख खबरें।
मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल का छत्तीसगढ़ दौरा
मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। वे आज शाम करीब 6 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और राजधानी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके अलावा वे रायपुर-रीवा फ्लाइट सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।
विधानसभा में आज पेश होगा धर्म स्वातंत्र्य संशोधन विधेयक
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 12वां दिन है। प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री टंक राम वर्मा और मंत्री केदार कश्यप विधायकों के सवालों का जवाब देंगे।
सत्र के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा धर्म स्वातंत्र्य (संशोधन) विधेयक पेश करेंगे। वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे और छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक का पुनःस्थापन करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री के विभागों की अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी।
सचिन पायलट का छत्तीसगढ़ दौरा
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। वे दोपहर 12:15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 12:30 बजे भारत माता चौक पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होंगे, जहां कांग्रेस ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत विधानसभा घेराव करेगी।
प्रदर्शन के बाद दोपहर 3 बजे वे राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कनेक्ट सेंटर का शुभारंभ करेंगे।
कांग्रेस करेगी विधानसभा का घेराव
कांग्रेस आज विधानसभा का घेराव करेगी। यह प्रदर्शन ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के साथ-साथ अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर किया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे शंकर नगर स्थित भारत माता चौक से कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा की ओर कूच करेंगे। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
भाजयुमो का होली मिलन समारोह आज
भारतीय जनता युवा मोर्चा का होली मिलन समारोह आज शाम 5 बजे शदाणी दरबार के पास शहनाई गार्डन में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कई मंत्री, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और महापौर मीनल चौबे मौजूद रहेंगे। आयोजन भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिहा के नेतृत्व में किया जा रहा है।
शंकर नगर रोड 9 घंटे बंद, ट्रैफिक डायवर्ट
कांग्रेस के विधानसभा घेराव को देखते हुए राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। भारत माता चौक में आयोजित आमसभा और घेराव कार्यक्रम के चलते शंकर नगर रोड करीब 9 घंटे तक बंद रहेगी।
शांति नगर तिराहा से भारत माता चौक और वहां से रानी दुर्गावती मूर्ति होते हुए आनंद नगर चौक तक यातायात बाधित रहेगा। पुलिस ने सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की है और करीब 200 जवान तैनात किए गए हैं।
रीवा-रायपुर फ्लाइट सेवा का शुभारंभ
छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए रायपुर-रीवा-रायपुर फ्लाइट सेवा आज से शुरू होगी। शुभारंभ कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल शामिल होंगे।
18 मार्च को कर्मचारियों का जंगी प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेशभर के कर्मचारी और अधिकारी 18 मार्च को जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में भोजन अवकाश के दौरान प्रदर्शन करेंगे।
कर्मचारी अपनी लंबित मांगों जैसे महंगाई भत्ता एरियर्स, पदोन्नति समयमान वेतनमान, अवकाश नकदीकरण, नियमितीकरण और वेतन विसंगतियों के समाधान को लेकर यह प्रदर्शन करेंगे।
प्रदेश की राजनीति, प्रशासन और जनआंदोलनों से जुड़ी इन गतिविधियों के चलते आज का दिन छत्तीसगढ़ में काफी अहम रहने वाला है।





