CG Morning News (छत्तीसगढ़ मॉर्निंग न्यूज): प्रदेश में आज (18 मार्च) कई अहम गतिविधियां होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम, विधानसभा की कार्यवाही, कर्मचारियों का प्रदर्शन और अन्य महत्वपूर्ण अपडेट्स पर एक नजर—
CM विष्णुदेव साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिनभर व्यस्त कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। वे सुबह 11:25 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। दोपहर 4 बजे वे नया रायपुर स्थित IIT रायपुर परिसर में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट कांग्रेस 2026’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5 बजे पुनः विधानसभा जाएंगे और रात 7:25 बजे तक वहीं मौजूद रहेंगे।
विधानसभा बजट सत्र का 13वां दिन
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 13वां दिन है। सदन में आज जंबूरी अनियमितता और स्कूलों के युक्तिकरण का मुद्दा उठेगा। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, लखन लाल देवांगन और अरुण साव सवालों के जवाब देंगे।
ध्यानाकर्षण के तहत भानुप्रतापपुर वन मंडल में अवैध पेड़ कटाई और भारी वाहनों के संचालन का मुद्दा विधायक विक्रम उसेंडी उठाएंगे। इसके अलावा तकनीकी शिक्षा में अनियमितताओं पर चर्चा होगी और चार संशोधन विधेयक पारित किए जाने की संभावना है।
कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर आज प्रदेशभर में कर्मचारी और अधिकारी जिला व ब्लॉक मुख्यालयों में भोजन अवकाश के दौरान प्रदर्शन करेंगे।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में महंगाई भत्ता एरियर्स का भुगतान, समयमान वेतनमान, अर्जित अवकाश नकदीकरण 300 दिन तक करने, वेतन विसंगतियों को दूर करने और पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग शामिल है। इसके अलावा नियमितीकरण, अनुकंपा नियुक्ति, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने और रिक्त पदों पर भर्ती की मांग भी उठाई गई है।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026
छत्तीसगढ़ में पहली बार ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026’ का आयोजन 25 मार्च से 6 अप्रैल तक किया जाएगा। यह प्रतियोगिता रायपुर, बस्तर (जगदलपुर) और सरगुजा में आयोजित होगी, जिसमें देशभर से लगभग 2500 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
मार्च में छुट्टियों पर भी खुलेंगे पंजीयन कार्यालय
पंजीयन विभाग ने मार्च में शनिवार, रविवार और महावीर जयंती पर भी कार्यालय खुले रखने का निर्णय लिया है। हालांकि रामनवमी और ईद पर अवकाश रहेगा। 31 मार्च को बैंकों और कोषालयों में शासकीय लेनदेन जारी रहेगा।
रायपुर में स्कूल टाइम बदला
भीषण गर्मी को देखते हुए रायपुर जिले में स्कूलों का समय बदल दिया गया है। अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक संचालित होंगे। दो पाली वाले स्कूलों में प्राथमिक कक्षाएं सुबह और उच्च कक्षाएं दोपहर में लगेंगी। यह आदेश 20 मार्च से लागू होगा।





