March 3, 2026

CG मॉर्निंग न्यूज: आज बिलासपुर दौरे पर CM विष्णु देव साय, किसानों को 10,324 करोड़ की सौगात; विधानसभा 9 मार्च तक स्थगित

रायपुर, 28 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री का बिलासपुर दौरा, किसानों के खातों में हजारों करोड़ की सहायता राशि, विधानसभा की कार्यवाही स्थगन और प्रदेश में फिल्म ‘शतक’ को टैक्स-फ्री घोषित किए जाने जैसी खबरें सुर्खियों में हैं।

CM विष्णु देव साय का बिलासपुर दौरा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शनिवार को बिलासपुर प्रवास पर रहेंगे।
वे सुबह मुख्यमंत्री निवास (सिविल लाइन, रायपुर) से प्रस्थान कर श्री बालाजी कैंसर हॉस्पिटल, मोवा जाएंगे। इसके बाद स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से स्टेट प्लेन द्वारा बिलासपुर रवाना होंगे।

दोपहर 1:10 बजे बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पहुंचकर ग्राम पंचायत रहंगी (विकासखंड बिल्हा) में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता राशि वितरण एवं वृहद किसान सम्मेलन में भाग लेंगे।
शाम को वे रायपुर लौटकर बुढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

होली से पहले किसानों को 10,324 करोड़ रुपये

बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी करेंगे।
राज्य सरकार द्वारा धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य दिए जाने के साथ छत्तीसगढ़ अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। यह राशि कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को दी जा रही है।

विधानसभा की कार्यवाही 9 मार्च तक स्थगित

छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही होली अवकाश के कारण 9 मार्च सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
23 फरवरी से शुरू हुए बजट सत्र में राज्यपाल का अभिभाषण और बजट प्रस्तुति के बाद 27 फरवरी तक सामान्य चर्चा पूरी हुई। अब 9 मार्च से विभागवार चर्चा होगी।

फिल्म ‘शतक’ छह माह तक टैक्स-फ्री

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर आधारित फिल्म ‘शतक’ को राज्य सरकार ने छह महीने के लिए टैक्स-फ्री घोषित किया है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इतिहास पर आधारित इस फिल्म को लेकर वाणिज्य कर विभाग ने आदेश जारी किया है। टिकट पर एसजीएसटी के बराबर छूट मिलेगी, जिससे दर्शकों को राहत मिलेगी।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

दिव्यांग जोड़ों का सामूहिक विवाह

विकलांग चेतना परिषद द्वारा आशीर्वाद भवन, बैरनबाजार में सामूहिक विवाह समारोह। सुबह 10 बजे पंजीयन, शाम 6 बजे विवाह संस्कार।

कवि दरबार

छत्तीसगढ़ हिंदी साहित्य मंडल के स्थापना दिवस पर वृंदावन हॉल, सिविल लाइंस में दोपहर 3 बजे से कवि दरबार एवं सम्मान समारोह।

श्रीराम कथा

श्रीरामकिंकर आध्यात्मिक मिशन द्वारा सिंधु पैलेस, शंकरनगर में शाम 5:30 बजे से भक्ति सत्संग एवं 6:30 बजे से श्रीराम कथा।

होली कार्निवाल

रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस द्वारा होटल डेलसिया, लाभांडीह में दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक होली कार्निवाल।