July 31, 2026

CG Morning News: सीएम साय का रायपुर-जांजगीर दौरा, कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का समापन, पढ़ें आज की बड़ी खबरें

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का दिन व्यस्त रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर और जांजगीर-चांपा के दौरे पर रहेंगे। वहीं कांग्रेस के दस दिवसीय संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर का समापन होगा। इसके अलावा राजधानी में कबीर जयंती के अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और नगर निगम क्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा।

मुख्यमंत्री साय का दौरा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11:25 बजे रायपुर के सोनपेरी स्थित असंग देव कबीर आश्रम पहुंचकर कबीर जयंती महोत्सव में शामिल होंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से चांपा रवाना होंगे, जहां थाना पारा स्थित देवांगन धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर 2:40 बजे रायपुर लौटेंगे।

कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का समापन

रायपुर में कांग्रेस के दस दिवसीय संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर का आज अंतिम दिन है। समापन सत्र में राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस नेशनल मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्षों को संगठनात्मक मजबूती और राजनीतिक रणनीति पर मार्गदर्शन देंगे। शिविर में राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, सचिन पायलट, अलका लांबा और सचिन राव सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी विभिन्न सत्रों को संबोधित किया।

‘मोर अंगना के शोर’ का विमोचन

राजधानी के वृंदावन हॉल में आज साझा बाल काव्य संग्रह ‘मोर अंगना के शोर’ का विमोचन एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा। 25 जिलों के 50 से अधिक शिक्षक-साहित्यकारों द्वारा तैयार इस संग्रह में 121 बाल कविताएं शामिल हैं। कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप, गजेन्द्र यादव, टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब सहित कई जनप्रतिनिधि, साहित्यकार और शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल होंगे।

कबीर जयंती पर मांस-मटन बिक्री बंद

कबीर जयंती के अवसर पर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में आज सभी मांस और मटन की दुकानें बंद रहेंगी। नगर निगम ने आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

खम्हारडीह थाने के बाहर प्रदर्शन

रविवार देर रात खम्हारडीह थाना परिसर के बाहर परिजनों ने एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आरोप है कि क्राइम ब्रांच में पदस्थ एक जवान के भाई ने युवक के साथ मारपीट की, लेकिन शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं सहित परिजनों ने नारेबाजी की।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

  • डाक अदालत – शाम 4 बजे, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय, जीपीओ बिल्डिंग, जयस्तंभ चौक।
  • संत कबीर प्रागट्य उत्सव शोभायात्रा – विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाली शोभायात्राओं का समागम और सामूहिक आरती, दोपहर 1 बजे, कबीर चौक, कटोरा तालाब।