January 16, 2026

CG Morning News | छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बलरामपुर-रामानुजगंज दौरे पर

रायपुर/बलरामपुर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दौरे पर रहेंगे। वे तातापानी महोत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री कलश यात्रा में भाग लेंगे, तपेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और शिव की विशाल प्रतिमा का अवलोकन करेंगे। मुख्यमंत्री बच्चों के साथ पतंग उड़ाएंगे और मुख्यमंत्री कन्या विवाह आशीर्वाद समारोह में भी शामिल होंगे।


कांग्रेस का आज पुलिस थाना घेराव

रायपुर।
प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस आज प्रदर्शन करेगी। चौबे कॉलोनी में युवती वैदिका सागर की नृशंस हत्या के खिलाफ कांग्रेस नेता आज़ाद चौक थाना का घेराव करेंगे। दोपहर 12 बजे से आज़ाद चौक थाने के सामने प्रदर्शन होगा, जिसमें प्रदेश और शहर कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल होंगे।


मंत्री लखन लाल देवांगन आज पेश करेंगे रिपोर्ट कार्ड

नवा रायपुर।
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन आज अपने विभागों की दो साल की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस वार्ता में वे उद्योग विभाग से जुड़ी प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा करेंगे।


तातापानी महोत्सव का आज शुभारंभ, जिले को मिलेगी 667 करोड़ की सौगात

बलरामपुर-रामानुजगंज।
तातापानी महोत्सव का आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वे जिले को 667 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री 211 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 200 जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। महोत्सव स्थल पर शासन की योजनाओं के स्टालों का निरीक्षण, जनसभा को संबोधित करने और स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।