March 4, 2026

CG Morning News : सीएम साय आज दिल्ली दौरे पर, बेमेतरा में कांग्रेस की पदयात्रा, महिला कांग्रेस की प्रेस वार्ता, नर्सिंग एडमिशन काउंसलिंग शुरू


✈ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जाएंगे दिल्ली

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे पर रवाना होंगे। इससे पहले वे सूरजपुर से जशपुर जाएंगे, जहां बगिया ग्राम में उनका समय आरक्षित रहेगा। इसके बाद वे दोपहर 3:30 बजे बगिया से रवाना होकर शाम 4 बजे तक रायपुर लौटेंगे।

रात 8:45 बजे रायपुर एयरपोर्ट से वे दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। दिल्ली में मुख्यमंत्री भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनावी प्रक्रिया में शामिल होंगे। उनके साथ डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा भी जाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में छत्तीसगढ़ से कुल 17 सदस्य भाग लेंगे।


🚶 बेमेतरा में कांग्रेस की पदयात्रा

मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस की पदयात्रा जारी है। बेमेतरा में आज सुबह 11:30 बजे से जनसंपर्क पदयात्रा शुरू होगी। आज करीब 8 किलोमीटर की यात्रा तय की जाएगी, जो ग्राम पिपरभाठा, बहेरा, कुसमी, खुड़मुड़ी और बावमोहतरा से होकर गुजरेगी।

यात्रा में पीसीसी चीफ दीपक बैज और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस दौरान जनता को मनरेगा की उपलब्धियां बताई जाएंगी और भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की जाएगी। दीपक बैज के अनुसार अब तक बस्तर, रायपुर और राजनांदगांव में पदयात्रा निकाली जा चुकी है और कुल 22.5 किमी की यात्रा पूरी हो चुकी है।


🎙 महिला कांग्रेस की आज प्रेस कॉन्फ्रेंस

महिला कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व आज दोपहर 12 बजे प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस वार्ता करेगा। इसमें राष्ट्रीय महासचिव गुंजन सिंह, राष्ट्रीय सचिव सुमिता मिश्रा और प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम मौजूद रहेंगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और सरकार से जुड़े विषयों पर महिला कांग्रेस अपना पक्ष रखेगी।


🎓 नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग शुरू

नर्सिंग पाठ्यक्रमों में एडमिशन के लिए कल से काउंसलिंग शुरू होगी, जो 23 जनवरी तक चलेगी। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से दावा-आपत्ति आमंत्रित की है। निराकरण के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।

सीटों का विवरण इस प्रकार है —

  • एमएससी नर्सिंग: 135 सीट
  • पोस्ट बेसिक: 808 सीट
  • बीएससी नर्सिंग: 5422 सीट

शासकीय मेडिकल कॉलेज में कक्ष क्रमांक 503 में काउंसलिंग कमेटी के समक्ष अभ्यर्थियों को दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।