March 4, 2026

CG Morning News: भाजपा अध्यक्ष चुनाव से लेकर वंदे मातरम् कार्यक्रम और नर्सिंग काउंसलिंग तक आज की बड़ी खबरें

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज राजनीति, संस्कृति और शिक्षा से जुड़ी कई अहम गतिविधियां होने जा रही हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन से लेकर वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के कार्यक्रम और नर्सिंग एडमिशन काउंसलिंग तक आज का दिन खास रहने वाला है।


🏛️ भाजपा अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन आज भरेंगे नामांकन

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। उनके नामांकन पर छत्तीसगढ़ से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा समेत कुल 17 प्रस्तावक होंगे।

इनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, लता उसेंडी, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और राज्य के सभी सांसद शामिल हैं। नामांकन की प्रक्रिया 19 जनवरी को पूरी की जाएगी और अगले दिन नए अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा होगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ से भाजपा के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे।


आज से 26 जनवरी तक वंदे मातरम् पर होंगे विशेष कार्यक्रम

वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के अवसर पर दूसरे चरण के कार्यक्रम आज से शुरू हो रहे हैं। 19 से 26 जनवरी तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, विशेष सभाएं और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

गणतंत्र दिवस पर मुख्य कार्यक्रम होंगे, जिनमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्यपाल रमेन डेका शामिल होंगे। एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड की सहभागिता रहेगी। सार्वजनिक स्थलों पर राज्य पुलिस बैंड वंदे मातरम् और देशभक्ति गीतों का गायन करेगा। बता दें कि वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर चार चरणों में आयोजन किए जा रहे हैं।


महासमुंद में कांग्रेस की पंचायतस्तरीय पदयात्रा

वीबी जी राम जी के खिलाफ कांग्रेस का पंचायत स्तरीय पदयात्रा अभियान जारी है। इसी क्रम में आज पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में महासमुंद जिले के बंदोरा में पदयात्रा निकाली जाएगी।

सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली यह पदयात्रा करीब 6 किलोमीटर का सफर तय करेगी, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नेता शामिल होंगे।


नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिए आज से काउंसलिंग शुरू

नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आज से काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो रही है, जो 23 जनवरी तक चलेगी। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से दावा-आपत्ति आमंत्रित की है। निराकरण के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।

इस सत्र में

  • एमएससी: 135 सीटें,
  • पोस्ट बेसिक: 808 सीटें,
  • बीएससी नर्सिंग: 5422 सीटों पर प्रवेश होगा।

शासकीय मेडिकल कॉलेज में कक्ष क्रमांक 503 में काउंसलिंग कमेटी के समक्ष अभ्यर्थियों को अपने दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।