March 4, 2026

CG Morning News: सीएम विष्णुदेव साय का दिल्ली दौरा, SIR को लेकर कांग्रेस का EC से मुलाकात, मनरेगा पदयात्रा, राडा ऑटो एक्सपो और कवासी लखमा की जमानत पर SC में सुनवाई आज।


🔹 CM विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे पर

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस समय दिल्ली दौरे पर हैं। वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए राजधानी पहुंचे हैं। उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम, मंत्री और सांसद भी मौजूद हैं। संभावना है कि वह मंगलवार शाम रायपुर लौट सकते हैं, हालांकि अब तक कोई औपचारिक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है।


🔹 SIR को लेकर कांग्रेस आज EC को सौंपेगी ज्ञापन

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल आज दोपहर 12 बजे निर्वाचन आयोग को एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर ज्ञापन सौंपेगा। प्रतिनिधिमंडल निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर SIR की प्रक्रिया पर चर्चा करेगा।


🔹 आदिमजाति विभाग के कामकाज की समीक्षा आज

रायपुर में आज आदिमजाति विकास विभाग की समीक्षा बैठक होगी। विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा सुबह 11 बजे नवा रायपुर स्थित आदिवासी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (TRTI) के सभाकक्ष में बैठक लेंगे। इसमें CTD और TRTI के अधिकारी शामिल होंगे और रायपुर क्षेत्र के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी।


🔹 धमतरी में आज मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा

धमतरी जिले के मेघा ग्राम से आज कांग्रेस की ‘मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा’ निकाली जाएगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में 8 किलोमीटर की पदयात्रा ग्राम हरदी तक पहुंचेगी। इस दौरान ग्रामीणों से मनरेगा में हुए बदलावों पर चर्चा की जाएगी।


🔹 राडा ऑटो एक्सपो 2026 आज से शुरू

राजधानी रायपुर में राडा ऑटो एक्सपो 2026 का आज से शुभारंभ होगा। यह एक्सपो श्रीराम बिजनेस पार्क में 20 जनवरी से 5 फरवरी तक चलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 जनवरी को इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे। एक्सपो में वाहन खरीदने पर लाइफटाइम रोड टैक्स में 50% तक की छूट मिलेगी। कार, बाइक और इलेक्ट्रिक वाहनों की बड़ी रेंज के साथ मौके पर बुकिंग, फाइनेंस और इंश्योरेंस की सुविधा उपलब्ध रहेगी।


🔹 SC में कवासी लखमा की जमानत याचिका पर सुनवाई आज

शराब घोटाला मामले में आरोपी पूर्व मंत्री कवासी लखमा की जमानत याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ मामले की सुनवाई करेगी। लखमा पर शराब सिंडिकेट से करोड़ों रुपये कमीशन लेने के आरोप हैं।