July 29, 2026

CG Morning News : आज जगदलपुर में अमित शाह की बड़ी बैठक, बस्तर को मिल सकता है विशेष पैकेज

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah के बस्तर दौरे का आज दूसरा दिन है। मंगलवार को उनकी अध्यक्षता में जगदलपुर में मध्यक्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी। इस अहम बैठक में उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बैठक में राज्यों के बीच प्रशासनिक समन्वय, सुरक्षा, विकास और नीतिगत मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी। माना जा रहा है कि बैठक के बाद अमित शाह बस्तर क्षेत्र के लिए किसी विशेष पैकेज की घोषणा कर सकते हैं। दोपहर 3 बजे वे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और उसके बाद शाम 3:45 बजे दिल्ली रवाना होंगे।

जगदलपुर दौरे पर रहेंगे सीएम साय

मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai भी आज जगदलपुर में रहेंगे। वे सुबह 11 बजे केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 5 बजे वे जगदलपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे और शाम 6:05 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

धरमलाल कौशिक से लूट पर कांग्रेस का हमला

राजधानी रायपुर में भाजपा विधायक Dharamlal Kaushik के साथ हुई लूट की घटना को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष Sushil Anand Shukla ने कहा कि जब केंद्रीय गृहमंत्री राजधानी में मौजूद थे और शहर हाई अलर्ट पर था, तब ऐसी घटना होना कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के बावजूद अपराधों पर नियंत्रण नहीं दिख रहा है।

रिटायर्ड IAS अनिल टुटेजा को सुप्रीम कोर्ट से राहत

डीएमएफ घोटाले में जेल में बंद रिटायर्ड आईएएस Anil Tuteja को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने उनकी जमानत याचिका मंजूर कर ली है। अदालत ने लंबी न्यायिक हिरासत और ट्रायल में देरी को आधार मानते हुए सख्त शर्तों के साथ जमानत दी है। करीब 2 साल 28 दिन जेल में बिताने के बाद वे मंगलवार शाम तक रिहा हो सकते हैं।

CCPL सीजन-3 का जर्सी लॉन्च आज

छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 का औपचारिक शुभारंभ मंगलवार को होगा। शाम 5:30 बजे नवा रायपुर स्थित होटल रिसॉर्ट में टीम जर्सी और ट्रॉफी का अनावरण किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 14 जून तक Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में किया जाएगा।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

  • साओ मंगल
    स्थान – देवपुरी स्थित गोदड़ीवाला धाम
    समय – शाम 7 बजे से
  • परमानंद महोत्सव
    आयोजन – श्रीगिरिराज मंदिर ट्रस्ट
    स्थान – बूढ़ापारा स्थित मंदिर
    समय – सुबह 10 बजे से दुग्धाभिषेक और वेदोक्त पाठ, रात 8 से 9 बजे श्रृंगार दर्शन
  • श्रीमद् देवी भागवत कथा
    कथावाचक – Radha Rasbihari Sharan Maharaj
    स्थान – टिल्लू चौक लाखेनगर स्थित श्रीराम मंदिर प्रांगण
    समय – सुबह 9 बजे से
  • समर क्लासेस
    आयोजन – Gurudwara Guru Singh Sabha
    स्थान – स्टेशन रोड गुरुद्वारा लंगर हॉल
    समय – सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक