July 31, 2026

CG Morning News : बीजेपी का डिजिटल ट्रेनिंग अभियान तेज, जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे भूपेश बघेल, रायपुर में दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे सुधांशु महाराज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शनिवार का दिन राजनीतिक, धार्मिक और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से काफी अहम रहने वाला है। भारतीय जनता पार्टी जहां संगठन को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शुरू कर रही है, वहीं कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक प्रशिक्षण देंगे। इसके अलावा राजधानी में पद्मश्री बुधरी ताती और डॉ. राम गोडबोले का सम्मान समारोह आयोजित होगा। वहीं आध्यात्मिक गुरु सुधांशु महाराज दो दिवसीय रायपुर प्रवास पर रहेंगे।

बीजेपी का डिजिटल ट्रेनिंग अभियान तेज

भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को तकनीकी रूप से और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी बूथ से लेकर गांव स्तर तक कार्यकर्ताओं को मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रशिक्षण देगी। ऐप पर संगठन का इतिहास, विचारधारा, संगठनात्मक संरचना और केंद्र व राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं से जुड़ी डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण को आसान बनाने के लिए ऑडियो और वीडियो मॉड्यूल भी तैयार किए गए हैं।

कांग्रेस शिविर में आज भूपेश बघेल देंगे प्रशिक्षण

कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के अंतिम चरण में शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल होंगे। वे शाम 6 बजे जिला अध्यक्षों को संगठन की मजबूती, पार्टी की विचारधारा, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर प्रशिक्षण देंगे। पार्टी का उद्देश्य जिला स्तर के नेतृत्व को अधिक सक्रिय और संगठित बनाना है।

पद्मश्री बुधरी ताती और डॉ. गोडबोले का होगा सम्मान

वनवासी कल्याण आश्रम की ओर से शनिवार शाम 6 बजे राजधानी के रोहिणीपुरम स्थित शबरी कन्या आश्रम में पद्मश्री बुधरी ताती, डॉ. राम गोडबोले और सुनीता गोडबोले का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी वनवासी विकास समिति के अध्यक्ष उमेश कच्छप ने दी।

रायपुर में दो दिन रहेंगे सुधांशु महाराज

विश्व जागृति मिशन के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु सुधांशु महाराज 27 और 28 जून को रायपुर प्रवास पर रहेंगे। शनिवार शाम 5 से 7 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में उनका विशेष प्रवचन होगा। वहीं रविवार को परसदा-कुम्हारी स्थित विश्व जागृति मिशन आश्रम में गुरु दर्शन, चरण पादुका पूजन और आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

आज से ई-रिक्शों पर लगेंगे क्यूआर कोड

राजधानी में ऑटो और ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए आज से क्यूआर कोड लगाने का अभियान शुरू होगा। पहले चरण में करीब 15 हजार ऑटो और ई-रिक्शों का पंजीयन किया गया है। ट्रैफिक मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और डीसीपी अमित तुकाराम कांबले मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप के आवेदन की तिथि बढ़ी

मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप-2026 के तहत एमटेक (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 जुलाई कर दी गई है। चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह 50 हजार रुपये की फेलोशिप मिलेगी, जबकि पूरी ट्यूशन फीस राज्य सरकार वहन करेगी।