रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन अहम रहने वाला है। सदन की कार्यवाही की शुरुआत निधन उल्लेख से होगी। अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य दीनदयाल सिंह पोर्ते को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद प्रश्नकाल और फिर वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय-व्ययक प्रस्तुत किया जाएगा।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी पेश करेंगे तीसरा बजट
राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी आज विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। यह उनका तीसरा बजट होगा।
इस बार बजट का आकार 1.85 लाख करोड़ से 1.90 लाख करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान है।
पिछले वर्षों में:
- 2023-24: 1.32 लाख करोड़ रुपये
- 2024-25: 1.65 लाख करोड़ रुपये
इस बार जल संसाधन विभाग, बस्तर क्षेत्र के विकास, शिक्षा, ग्रामीण विकास और कृषि क्षेत्र पर विशेष फोकस रहने की संभावना है।
जल बोर्ड गठन पर बड़ी घोषणा संभव
राज्य सरकार शहरी जल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल बोर्ड के गठन की तैयारी कर रही है। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा मसौदा तैयार कर वित्त विभाग को भेजा जा चुका है।
बताया जा रहा है कि यह बोर्ड दिल्ली, कर्नाटक और तमिलनाडु की तर्ज पर गठित किया जाएगा।
पहले चरण में 14 नगर निगमों की जल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था जल बोर्ड को सौंपी जाएगी। बाद में बड़ी नगरपालिकाओं को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
सरकार का लक्ष्य विजन 2047 को ध्यान में रखते हुए घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना और सीवरेज सिस्टम को व्यवस्थित करना है।
CM विष्णुदेव साय का दौरा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज नया रायपुर के दौरे पर रहेंगे।
सुबह 11 बजे वे विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होंगे। शाम 5 बजे नया रायपुर स्थित सीएम हाउस पहुंचेंगे और निर्धारित बैठकों के बाद रायपुर लौटेंगे।
राष्ट्रीय गोलमेज संगोष्ठी
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 24 फरवरी को भारत मंडपम, नई दिल्ली में निर्वाचन आयोग और राज्य चुनाव आयुक्तों की राष्ट्रीय गोलमेज संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।
करीब 27 वर्षों बाद यह संगोष्ठी आयोजित हो रही है। इसकी अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे।
इसमें चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी सहित सभी राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
CSMCL कमीशन घोटाला
सीएसएमसीएल कमीशन घोटाला मामले में EOW-ACB ने जेल में बंद आरोपी अनवर ढेबर को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। इससे पहले आबकारी अधिकारी नवीन प्रताप सिंह तोमर को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में पूछताछ जारी है।
दिग्विजय सिंह का छत्तीसगढ़ दौरा
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 25 फरवरी को रायपुर पहुंचेंगे।
26 फरवरी को वे डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन करेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
भाजपा सहयोग केंद्र
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर (रायगढ़) में 25 और 26 फरवरी को सहयोग केंद्र का आयोजन होगा।
25 फरवरी को मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और 26 फरवरी को मंत्री राजेश अग्रवाल आमजन की समस्याएं सुनेंगे।
छत्तीसगढ़ में आज का दिन बजट और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेशभर की नजरें विधानसभा में पेश होने वाले बजट पर टिकी हैं।





