रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से आज का दिन अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन की कार्यवाही में शामिल होंगे। वहीं जल जीवन मिशन (JJM) के ठेकेदार विधानसभा का घेराव करेंगे। दूसरी ओर राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस पूरे प्रदेश में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी में है।
CM विष्णुदेव साय आज विधानसभा की कार्यवाही में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार सुबह बगिया से रायपुर पहुंचेंगे और सीधे नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह करीब 10:35 बजे से शाम 5:30 बजे तक मानसून सत्र के अंतिम दिन की कार्यवाही में शामिल रहेंगे। इसके बाद वह सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
2200 करोड़ के भुगतान की मांग को लेकर JJM ठेकेदारों का विधानसभा घेराव
जल जीवन मिशन के तहत कार्य करने वाले ठेकेदार शुक्रवार को विधानसभा का घेराव करेंगे। छत्तीसगढ़ कांट्रैक्टर्स एसोसिएशन का आरोप है कि लोक यांत्रिकीय विभाग के अंतर्गत ‘हर घर जल’ योजना में काम करने वाले ठेकेदारों का करीब 2200 करोड़ रुपये का भुगतान पिछले दो वर्षों से लंबित है।
एसोसिएशन का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे प्रदेशभर के ठेकेदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कई बार मंत्रियों और अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समाधान नहीं निकलने पर अब विधानसभा घेराव का निर्णय लिया गया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बीरेश शुक्ला ने विभाग पर मनमानी और अनुबंध के बाद नए नियम लागू कर ठेकेदारों को परेशान करने का आरोप लगाया है।
राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस
राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस आज प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगी। राजधानी रायपुर में दोपहर 12 बजे गांधी भवन में प्रेस वार्ता होगी, जिसमें पूर्व विधायक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी शामिल होंगे।
कांग्रेस इस दौरान मामले में अपना पक्ष रखते हुए भाजपा सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग करेगी और कथित चंदा चोरी प्रकरण को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति सामने रखेगी।





