July 31, 2026

CG Morning News: आज से चिंतन शिविर 3.0 की शुरुआत, PM इंटर्नशिप योजना पर कार्यशाला समेत दिनभर की बड़ी खबरें

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम और आयोजन होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ की शुरुआत होगी। वहीं राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन का दूसरा दिन, भोरमदेव ईको ट्रेल 2026 का शुभारंभ और पीएम इंटर्नशिप योजना पर कार्यशाला भी आज आयोजित होगी।

आज से शुरू होगा चिंतन शिविर 3.0

राजधानी रायपुर स्थित आईआईएम में आज से दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में पूरा मंत्रिमंडल शामिल होगा। सुशासन, नीति निर्माण, नवाचार, नेतृत्व और परिणाम आधारित प्रशासन जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगा। कृषि, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, टेक्नोलॉजी और जनसेवा के क्षेत्रों में नई रणनीतियों पर भी चर्चा होगी। राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ मंत्रियों को प्रभावी प्रशासन और भविष्य की चुनौतियों पर मार्गदर्शन देंगे।

राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन का दूसरा दिन

रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में चल रहे राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। सहकारिता विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में सहकारी नीतियों, कृषि विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारी संस्थाओं की भूमिका पर विस्तृत चर्चा होगी।

भोरमदेव ईको ट्रेल 2026 की शुरुआत

कवर्धा के भोरमदेव अभ्यारण्य में आज से भोरमदेव ईको ट्रेल 2026 शुरू होगी। यह ट्रेल प्रत्येक शनिवार और रविवार संचालित की जाएगी। प्रतिभागियों को अनुभवी नेचर गाइड के साथ जंगल भ्रमण, जैव विविधता, औषधीय पौधों, पक्षियों, तितलियों और वन्यजीवों की जानकारी दी जाएगी। ट्रेल का शुल्क प्रति व्यक्ति 1,000 रुपये निर्धारित किया गया है।

PM इंटर्नशिप योजना पर आज कार्यशाला

बालोद जिले के शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) गुरूर में आज सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक पीएम इंटर्नशिप योजना 2026 के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित होगी। 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी अपने शैक्षणिक एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ इसमें शामिल होकर योजना का लाभ उठा सकते हैं।