रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रालय में विभागीय समीक्षा बैठक करेंगे, वहीं भाजपा में दो दिवसीय संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू होगा। आम आदमी पार्टी प्रदेशभर की 90 विधानसभा में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन करेगी। इसके अलावा हावड़ा स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों के परिचालन में भी बदलाव किया गया है।
मुख्यमंत्री आज करेंगे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से मंत्रालय के लिए रवाना होंगे। सुबह 11:30 बजे वे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे, जहां वे संगठनात्मक बैठकों और अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री रात 9:15 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
भाजपा में आज से शुरू होंगी अहम बैठकें
भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश सिंह दो दिवसीय प्रवास पर आज रायपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे के साथ प्रदेश भाजपा में महत्वपूर्ण बैठकों का सिलसिला शुरू होगा। मंगलवार को दोपहर 3 बजे प्रदेश पदाधिकारियों और शाम 6 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। बुधवार को प्रदेश महामंत्रियों और प्रकोष्ठ संयोजकों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठकों में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और 2028 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
प्रदेशभर में AAP करेगी हनुमान चालीसा का पाठ
आम आदमी पार्टी (AAP) ने आज प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने का निर्णय लिया है। पार्टी के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश और देश में शांति, सामाजिक समरसता, सद्भाव और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है। इसमें पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल होंगे।
रेलवे ने बदला कई ट्रेनों का परिचालन
हावड़ा स्टेशन पर 24 से 27 जुलाई तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से बदला गया है। 12834 हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस 24 और 25 जुलाई को शालीमार स्टेशन से चलेगी। वहीं 12859 सीएसएमटी-हावड़ा गीतांजली एक्सप्रेस 24 और 25 जुलाई को सांतरागाछी स्टेशन पर समाप्त होगी। इसके अलावा 12860 हावड़ा-सीएसएमटी गीतांजली एक्सप्रेस 25 और 26 जुलाई को सांतरागाछी स्टेशन से रवाना होगी।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
- महंत हरिदास त्यागी पुण्यतिथि कार्यक्रम
- स्थान: श्री संकट मोचन वीर हनुमान मंदिर, बूढ़ेश्वर चौक
- समय: सुबह 10:30 बजे
- सिद्ध चक्र महामंडल विधान
- स्थान: श्री मुनि सुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर, अमलतास केसल, कचना
- समय: सुबह 10:00 बजे





