July 31, 2026

CG Morning News: सहकारी सम्मेलन में शामिल होंगे CM साय, कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन आज

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शाम 5:30 बजे एक निजी होटल में आयोजित संवाद संगोष्ठी और शाम 6:45 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित नारी संगम कार्यक्रम में शामिल होंगे। सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री रात 8 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

राजधानी रायपुर के कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में आज से दो दिवसीय राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन की शुरुआत होगी। ‘सहकार से समृद्धि’ थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेशभर की सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, किसान और विशेषज्ञ भाग लेंगे। कार्यक्रम में सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने और इसके विस्तार को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में सहकारिता मंत्री केदार कश्यप अध्यक्षता करेंगे।

वहीं नकटी गांव बेदखली मामले को लेकर कांग्रेस आज प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर सुबह 11 बजे कलेक्टोरेट घेराव और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि नकटी गांव के 85 परिवारों को बारिश के बीच बेघर किया गया है और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है।

इधर राजधानी में आज ‘विकसित भारत-2047’ के विजन और गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम-2025 (VBGRAMG) विषय पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइंस में सुबह 11 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि होंगी। कार्यक्रम में ग्रामीण रोजगार, आजीविका मिशन और विकसित भारत-2047 के विजन पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से चर्चा की जाएगी।