रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिनों के दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेताओं से मुलाकात की। आज वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे, जिसमें “बस्तर विकास 2.0” और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है।
कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आज
छत्तीसगढ़ कांग्रेस की अहम बैठक आज राजीव भवन में दोपहर 12 बजे आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता पीसीसी चीफ दीपक बैज करेंगे। इसमें बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल होंगे और आगामी रणनीति के साथ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
ट्रिपल आईटी का दीक्षांत समारोह
नया रायपुर स्थित ट्रिपलआईटी में आज दीक्षांत समारोह आयोजित होगा। इस दौरान कुल 553 छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि और मुख्यमंत्री साय विशिष्ट अतिथि होंगे।
विभागीय समीक्षा बैठक
एसटी, एससी और ओबीसी विभाग की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आज मंत्रालय में सुबह 10:30 बजे होगी। बैठक में योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन शुरू
रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों को देखते हुए पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन शुरू की है। यह ट्रेन 8 अप्रैल से 27 मई तक सप्ताह में दो दिन चलेगी और रायपुर सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी।
9 से 23 अप्रैल तक पोषण पखवाड़ा
प्रदेश में 9 से 23 अप्रैल तक 8वां पोषण पखवाड़ा आयोजित होगा। इसका उद्देश्य “कुपोषण मुक्त भारत” अभियान को जनभागीदारी से मजबूत करना है।
राशनकार्डधारियों को मिलेगा केरोसिन
अप्रैल माह के लिए 528 किलोलीटर केरोसिन आवंटित किया गया है। शहरी क्षेत्रों में 1 लीटर और ग्रामीण क्षेत्रों में 2 लीटर प्रति राशनकार्ड वितरित किया जाएगा।
रायपुर में आज
- योग एवं गौमाता पर व्याख्यान: दोपहर 2 से 4 बजे तक आयोजन
- गुरुदेव अवतरण दिवस: लवकुश वाटिका आश्रम में धार्मिक कार्यक्रम, कीर्तन और प्रसाद वितरण





