रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और रोजगार से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली दौरे का दूसरा दिन है, वहीं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल भी छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। राजधानी रायपुर में संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन भी किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली दौरे का आज दूसरा दिन है। मुख्यमंत्री विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर राज्य के विकास कार्यों, परियोजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर में दिल्ली से रायपुर लौटेंगे।
जयवर्धन सिंह का छत्तीसगढ़ दौरा
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। वे बिलासपुर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर प्रेस वार्ता करेंगे। यह अभियान नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों और छात्रों की समस्याओं को लेकर देशभर में चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 28 शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा रही हैं।
अलका लांबा लेंगी महिला कांग्रेस की बैठक
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा आज रायपुर पहुंचेंगी। वे राजीव भवन में महिला कांग्रेस की बैठक लेंगी। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और महंगाई सहित विभिन्न जन मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
29 जून से मनाया जाएगा सहकारिता सप्ताह
राज्य में 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान सभी जिलों, विकासखंडों और सहकारी समितियों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों को जनभागीदारी, जागरूकता और नवाचार आधारित कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का छठवां दिन
अभनपुर में चल रहे कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आज छठवां दिन है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट पहले ही रायपुर पहुंच चुके हैं। वहीं कांग्रेस संगठन प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचकर प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे।
रायपुर में रोजगार मेले का आयोजन
राजधानी रायपुर में आज संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सेजबहार स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होने वाले इस मेले में निजी कंपनियों के 900 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर माना जा रहा है।





