बिलासपुर न्यूज़ अपडेट
राजकीय गीत नहीं गाने पर छात्र की पिटाई, जांच के आदेश की तैयारी
बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड स्थित गोबरीपाट डीएवी स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान राजकीय गीत नहीं गाने पर एक छात्र की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र के पालक ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि शिक्षक रूपेश श्रीवास ने डंडे से छात्र की पिटाई की, जिससे उसके पैर में चोट के निशान आ गए। इस शैक्षणिक सत्र से प्रदेश के सभी स्कूलों में राष्ट्रगान के साथ राजकीय गीत का नियमित गायन शुरू किया गया है, लेकिन कई बच्चों को अभी पूरा गीत याद नहीं है। जिला शिक्षा अधिकारी अजय कौशिक ने कहा कि यदि घटना सही पाई गई तो जिम्मेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों पर आज होगी अहम बैठक
सक्ती जिले में 9 अगस्त को आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों को लेकर 29 जुलाई को दोपहर 1 बजे गोंडवाना भवन, कंचनपुर में सर्व आदिवासी समाज की बैठक बुलाई गई है। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, जिम्मेदारियों का निर्धारण और आयोजन संबंधी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी। समाज के पदाधिकारी जगेश्वर सिंह राज ने सभी समाजजनों, युवाओं और चारों ब्लॉकों के अध्यक्षों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है।
ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर वकील से 47.60 लाख की साइबर ठगी
बिलासपुर में साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर एक वकील से 47.60 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की फेसबुक के माध्यम से दो महिलाओं से पहचान हुई थी, जिन्होंने निवेश पर करोड़ों रुपये का लाभ मिलने का दावा किया। जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो उससे और पैसे जमा कराने की मांग की गई। इंकार करने पर उसका अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया। इसी तरह एक अन्य युवक से भी तीन लाख रुपये की साइबर ठगी हुई है। सरकंडा थाना पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खूंटाघाट वेस्टवियर पर स्टंट करने वालों पर पुलिस की सख्ती
खूंटाघाट बांध के वेस्टवियर पर स्टंट, रील बनाने, सेल्फी लेने और नहाने पहुंच रहे लोगों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान खतरनाक तरीके से छलांग लगाने वाले युवकों को रोककर समझाइश दी गई और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की चेतावनी दी गई। पुलिस ने लोगों से जान जोखिम में डालने वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
नाबालिग से छेड़छाड़ का फरार आरोपी गिरफ्तार
रतनपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे आरोपी विजय कुमार साहू निवासी सिरगिट्टी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 8 जुलाई को दिशा मैदान गई नाबालिग से छेड़छाड़ की थी और विरोध होने पर पिकअप वाहन से फरार हो गया था। सीसीटीवी फुटेज, वाहन नंबर और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया।
सर्पदंश मुआवजा घोटाले में सात तहसीलदारों को नोटिस
बहुचर्चित सर्पदंश मुआवजा वितरण घोटाले की जांच के दौरान सरकंडा पुलिस ने सात वर्तमान और पूर्व तहसीलदारों को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किया है। पुलिस ने व्हाट्सएप के माध्यम से नोटिस भेजे हैं, लेकिन अब तक कोई भी अधिकारी बयान देने नहीं पहुंचा है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लिफ्ट मांगकर युवक से लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
कॉलेज जा रहे युवक से लिफ्ट मांगकर मारपीट और लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक के सिर पर पत्थर से हमला कर उसका मोबाइल, एयरबड्स, नकदी और मोटरसाइकिल लूट ली थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सामान बरामद कर लिया है।
कोटा में मलेरिया के दो नए मरीज मिले, कुल संक्रमितों की संख्या 16 पहुंची
कोटा क्षेत्र में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को परसापानी गांव में लगाए गए विशेष जांच शिविर में दो नए संक्रमित मरीज मिले, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बी. के. वैष्णव ने बताया कि दोनों मरीजों की पहचान औरापानी तथा केंदा पीएचसी क्षेत्र से हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांवों में विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। अब तक कोटा क्षेत्र में मलेरिया के कुल 16 मरीज सामने आ चुके हैं, जिनमें से चार मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि लगातार जांच अभियान चलने से संक्रमितों की समय पर पहचान हो रही है, जिससे बीमारी को गंभीर होने से रोका जा रहा है।





