रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासन और विकास कार्यों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण गतिविधियां आज प्रदेशभर में होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, भाजपा के वरिष्ठ नेता और ठेकेदार संगठन विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मेडिकल कॉलेज में विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे CM साय
विष्णु देव साय आज सुबह 11 बजे रायपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचेंगे। यहां वे 200 सीटर छात्रावास और कैंसर भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। इन परियोजनाओं से मेडिकल छात्रों, चिकित्सकों और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे वे पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दिल्ली जाएंगे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
भूपेश बघेल आज रायपुर से दिल्ली रवाना होंगे। दिल्ली में वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा अन्य राज्यों के दौरे का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
समोदा दौरा स्थगित, 9 जुलाई को होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 6 जुलाई को प्रस्तावित समोदा दौरा स्थगित कर दिया गया है। अब यह कार्यक्रम 9 जुलाई को आयोजित होगा। दौरे के दौरान समोदा और आरंग क्षेत्र में 112 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और सांसद बृजमोहन अग्रवाल के शामिल होने की भी संभावना है।
भाजपा सहयोग केंद्र में जनता से मिलेंगे मंत्री दयालदास बघेल
दयालदास बघेल आज भाजपा मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आम जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। मुलाकात के लिए दोपहर 12 बजे से पंजीयन की व्यवस्था की गई है।
लंबित भुगतान को लेकर ठेकेदारों का बड़ा प्रदर्शन
जल जीवन मिशन और अन्य निर्माण कार्यों के भुगतान में देरी के विरोध में आज रायपुर में प्रदेशभर के ठेकेदार प्रदर्शन करेंगे। छत्तीसगढ़ ठेकेदार संघ के नेतृत्व में नीर भवन का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शनकारी लंबित भुगतान जारी करने और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करेंगे। संगठन ने मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
प्रदर्शन को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक काली मंदिर तिराहा, कबीर चौक और पीडब्ल्यूडी चौक के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।
भारी बारिश के बीच स्कूलों में अवकाश की मांग
इदरीस गांधी ने प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की है। उनका कहना है कि मौसम विभाग की भारी बारिश चेतावनी और जलभराव की स्थिति के बावजूद स्कूल खुले रहने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से खराब मौसम की स्थिति में एक दिन पहले अवकाश घोषित करने की व्यवस्था बनाने की मांग की है।





