रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न सरकारी और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 11 बजे वे पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा संस्थान के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे सर्किट हाउस में आयोजित मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना कार्यक्रम में भाग लेकर पंजीकृत निर्माण श्रमिक परिवारों के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के टॉप-10 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करेंगे। चयनित विद्यार्थियों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शाम 4:30 बजे नवा रायपुर स्थित अरण्य भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं राजीव स्मृति वन में आयोजित समारोह में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहेंगे।
जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल होगी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे)
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने 6 जून को नई दिल्ली के जंतर-मंतर में आयोजित सीजेपी प्रदर्शन में शामिल होने की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा कि उनकी पार्टी देश की पहली मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी है जो इस प्रदर्शन का हिस्सा बनेगी। पार्टी की ओर से महासचिव नीलेश चौहान प्रतिनिधित्व करेंगे।
भाजपा का महाजनसंपर्क अभियान आज से
केंद्र में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश भाजपा आज से 21 जून तक महाजनसंपर्क अभियान चलाएगी। अभियान के तहत मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी जनता के बीच पहुंचकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। 10 जून को जिला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस और विकास प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रायपुर नगर निगम के सभी जोनों में जनसहभागिता से व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों को पूर्व तैयारी और पौधों के संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
- महाकोशल आर्ट गैलरी में पर्यावरण विषयक कला प्रदर्शनी, शाम 6 बजे।
- नूतन स्कूल, टिकरापारा में योग एवं ध्यान प्रशिक्षण, सुबह 5:10 बजे।
- मालवीय रोड स्थित दिगंबर जैन मंदिर में संस्कार शिक्षण शिविर।
- फाफाडीह पाटीदार भवन में बाल संस्कार योग शिविर, सुबह 9 बजे।
- बूढ़ापारा स्थित श्रीगिरिराज मंदिर में परमानंद महोत्सव, सुबह 10 बजे से।
- लाखेनगर स्थित श्रीराम मंदिर में श्री रामचरितमानस कथा, सुबह 9 बजे से।





