May 18, 2026

CG Morning News: सीएम साय का आज रायपुर दौरा, निगम बजट पेश होगा; खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में मुकाबले तेज

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 9:30 बजे नेताजी सुभाष चंद्रबोस राज्य पुलिस अकादमी पहुंचेंगे और दीक्षांत परेड समारोह में हिस्सा लेंगे।

इसके बाद वे सुबह 11:35 बजे से 12:00 बजे तक दिल्ली से अंबिकापुर के बीच शुरू हो रही हवाई सेवा के उद्घाटन कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगे।

दोपहर 12:00 बजे मुख्यमंत्री चंदखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।

इसके बाद 12:20 बजे कायस्थ मंगल भवन में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।

दोपहर 1:00 बजे से वे मंत्रालय में विभागीय कार्यों में शाम 5:00 बजे तक व्यस्त रहेंगे।

इधर, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आज छठवां दिन है। जगदलपुर में सुबह 6:30 बजे से क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में एथलेटिक्स प्रतियोगिता की शुरुआत होगी। राजधानी रायपुर में आर्चरी, हॉकी और फुटबॉल के मुकाबले होंगे, जबकि सरगुजा में सुबह 8 बजे से कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

रायपुर नगर निगम की सामान्य सभा आज होगी, जिसमें महापौर मीनल चौबे करीब 1600 करोड़ रुपये का बजट पेश करेंगी। सभा में प्रश्नकाल के दौरान पार्षद विभिन्न मुद्दों पर निगम को घेर सकते हैं। प्रॉपर्टी टैक्स, पानी सप्लाई, स्ट्रीट लाइट, कचरा कलेक्शन, आवारा कुत्तों की समस्या और अधूरे निर्माण कार्य प्रमुख मुद्दे रहेंगे।

वहीं, लोकसभा में आज नक्सलवाद पर विशेष चर्चा होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘नक्सलमुक्त भारत’ विजन को लेकर बहस में सरकार की रणनीति और अब तक के प्रयासों पर चर्चा होगी।

भारत माला प्रोजेक्ट घोटाला मामले में निलंबित एसडीएम निर्भय साहू को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। वे बीते 14 दिनों से एसीबी/ईओडब्ल्यू की रिमांड पर थे।

इसके अलावा, भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल तय की गई है। 17 वर्ष 6 माह से 21 वर्ष तक के अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिले में युवाओं की सुविधा के लिए विभिन्न केंद्रों पर सहायता उपलब्ध कराई गई है।