September 4, 2026

CG Morning News: CM साय आज लौटेंगे रायपुर, कॉलेजों में दाखिले की तारीख बढ़ी, सहायक ग्रंथपाल परीक्षा का रिजल्ट जारी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर लौटेंगे। मुख्यमंत्री जशपुर दौरे के बाद शाम 4:25 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके 10 मिनट बाद शाम 4:35 बजे वे अपने निवास के लिए रवाना होंगे।

सहायक ग्रंथपाल प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सहायक ग्रंथपाल के 7 रिक्त पदों के लिए आयोजित प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा 26 जुलाई को प्रदेश के 12 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई थी। प्रारंभिक परीक्षा में 7 पदों के लिए 15 गुना के हिसाब से 105 अभ्यर्थियों का चयन किया जाना था, लेकिन उपलब्धता के आधार पर 115 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हित किया गया है।

मुख्य परीक्षा का आयोजन आगामी 10 अक्टूबर को किया जाएगा।

कॉलेजों में दाखिले की तारीख 31 अगस्त तक बढ़ी

राज्य शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी है। जिन शासकीय और निजी कॉलेजों में अभी सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी अब निर्धारित तारीख तक दाखिला ले सकेंगे।

इससे पहले प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई और कुलपति की अनुमति से प्रवेश की समय सीमा 14 अगस्त निर्धारित थी। अंतिम तिथि निकलने के बाद भी कई कॉलेजों में सीटें खाली रह गई थीं। वहीं दूर-दराज के क्षेत्रों के कई विद्यार्थी भी विभिन्न कारणों से समय पर प्रवेश नहीं ले सके।

उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि तिथि विस्तार का निर्णय इसलिए लिया गया है, ताकि किसी योग्य विद्यार्थी का एक साल खराब न हो और वह उच्च शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाकर समय पर प्रवेश लेने की अपील की।

E-20 पेट्रोल के खिलाफ AAP का जनसंवाद

आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से सोमवार को राजधानी रायपुर की समता कॉलोनी स्थित महाराजा अग्रसेन जनसंवाद में E-20 पेट्रोल के मुद्दे पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे प्रस्तावित है।

पार्टी नेताओं के मुताबिक, कार्यक्रम में E-20 पेट्रोल से वाहनों को होने वाली संभावित समस्याओं और उपभोक्ताओं की चिंताओं पर चर्चा की जाएगी। आप नेताओं ने कहा कि E-20 को लेकर देशभर में बहस जारी है और इसकी गुणवत्ता को लेकर उपभोक्ताओं की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं।

आज छत्तीसगढ़ स्तरीय खुली कुश्ती प्रतियोगिता

नागपंचमी पर्व के अवसर पर श्रीशंकर सेवा समिति के तत्वावधान में आज छत्तीसगढ़ स्तरीय खुली कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता दोपहर 2 बजे से शुक्रवारी बाजार, गुढ़ियारी में शुरू होगी। इसमें प्रदेशभर के पहलवानों के शामिल होने की संभावना है।