July 31, 2026

CG Morning News : सीएम साय का सरगुजा-रायगढ़ दौरा, PHQ पहुंचेंगे पुलिस परिवार, रायपुर में कई आयोजन आज

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सरगुजा और रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। वहीं बस्तर संभाग के पुलिस कर्मियों के परिजन स्थानांतरण की मांग को लेकर पुलिस मुख्यालय पहुंचेंगे। राजधानी रायपुर में भी आज धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सीएम साय आज रामगढ़ महोत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की बैठक लेंगे। इसके बाद वे सरगुजा जिले के उदयपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री 50 वर्षों की गौरवशाली परंपरा वाले रामगढ़ महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वे रायगढ़ के लिए रवाना होंगे और शाम को रायपुर लौटेंगे।

इंडो-नेपाल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत बना ओवरऑल चैंपियन

नेपाल के पोखरा में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत ने 37 स्वर्ण और 27 रजत पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। भारतीय टीम में शामिल बिलासपुर के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीते और प्रदेश का नाम रोशन किया।

सहयोग केंद्र में आज मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल सुनेंगे समस्याएं

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय स्थित सहयोग केंद्र में आज मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल उपस्थित रहेंगे। वे कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनके आवेदनों और समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करेंगे।

स्थानांतरण की मांग लेकर PHQ पहुंचेंगे पुलिस परिवार

बस्तर संभाग में वर्षों से पदस्थ पुलिस कर्मियों के परिजन आज नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचेंगे। वे डीजीपी से मुलाकात कर नियमानुसार तबादले की मांग करेंगे। परिवारों का कहना है कि लंबे समय से तबादला नहीं होने से पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

हनुमान चालीसा एवं सद्बुद्धि शांति पाठ

  • आयोजन : अखण्ड छत्तीसगढ़ सर्वमान्य जन सेवा संस्था
  • स्थान : क्षेत्रीय अधिकारी, पर्यावरण संरक्षण मंडल कार्यालय, टाटीबंध
  • समय : सुबह 11 बजे

कला प्रदर्शनी ‘संत कबीर की अंतर्दृष्टि’

  • आयोजन : महाकोशल कला परिषद
  • स्थान : महाकोशल कला वीथिका
  • समय : शाम 6 बजे से।