रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर और राजनांदगांव जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ करेंगे और विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12 बजे रायपुर पुलिस ग्राउंड हैलीपैड से राजनांदगांव के लिए रवाना होंगे। वहां दोपहर 12:30 बजे स्टेट हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित प्रगतिशील किसान सम्मेलन तथा लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके निवास पर मुलाकात करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे शाम 3 बजे रायपुर लौटेंगे।
वहीं, सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का आज शुभारंभ होगा। 22 जून से 26 जून तक चलने वाली इस यात्रा में छत्तीसगढ़ के करीब एक हजार विशिष्टजन भाग लेंगे। इनमें पद्म सम्मानित कलाकार, साहित्यकार और संस्कृति कर्मी शामिल हैं। प्रतिभागी प्रदेश के विभिन्न जिलों की मिट्टी और नदियों का जल लेकर सोमनाथ धाम पहुंचेंगे। यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक गौरव और छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
इधर, कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर का आज तीसरा दिन है। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट समेत वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में चयनित जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शिविर में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
अघोर पीठ श्रीधाम सुमेरू मठ, औघड़नाथ दरबार में अघोर महोत्सव एवं श्रीयज्ञ अनुष्ठान का आयोजन प्रातः 4 बजे से रात्रि 2 बजे तक होगा। कार्यक्रम का सानिध्य अघोर पीठाधीश बाबा रुद्रानंद प्रचंड वेगनाथ करेंगे।
डॉ. आर.पी. सुखीजा स्मृति संस्थान द्वारा नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन विमतारा हॉल में शाम 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक किया जाएगा।
मां धूमावती सिद्धपीठ, पुरानी बस्ती में मां धूमावती प्राकट्य उत्सव का आयोजन शाम 7 बजे से होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।





