रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज कई महत्वपूर्ण गतिविधियां होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बलरामपुर और जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वहीं, प्रदेश में 1 सितंबर से सभी श्रेणी के बिजली कनेक्शनों की eKYC प्रक्रिया शुरू होगी। राजधानी रायपुर में आदिवासी कांग्रेस की बड़ी बैठक और ईद-ए-मिलाद-उन-नबी को लेकर भी तैयारियां हैं। इसके अलावा सितंबर में सात प्रमुख पर्वों के दौरान मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बलरामपुर-जशपुर दौरा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बलरामपुर और जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री करीब सुबह 11:35 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए बलरामपुर के राजपुर जाएंगे।
राजपुर के ग्राम कर्रा में मुख्यमंत्री श्री महारुद्र यज्ञ एवं शिव महापुराण कथा में शामिल होंगे। इसके बाद वे जशपुर के पण्डरीपानी पहुंचेंगे। यहां महतारी सदन में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री विभागीय स्टॉल का अवलोकन करने के साथ महिलाओं से संवाद भी करेंगे।
पण्डरीपानी में मुख्यमंत्री SBI की नई शाखा का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम करीब 4:45 बजे बगिया स्थित अपने निवास पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।
1 सितंबर से बिजली कनेक्शनों की eKYC
छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। प्रदेश में 1 सितंबर से सभी श्रेणी के बिजली कनेक्शनों की eKYC प्रक्रिया शुरू होगी।
eKYC के लिए आधार कार्ड और बिजली बिल में दर्ज नाम का मिलान अनिवार्य होगा। उपभोक्ता घर बैठे ‘मोर बिजली’ ऐप के जरिए eKYC करा सकेंगे। इसके लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
आदिवासी कांग्रेस की बड़ी बैठक आज
रायपुर में आज आदिवासी कांग्रेस की बड़ी बैठक होगी। आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में प्रदेशभर के वरिष्ठ आदिवासी कांग्रेस नेता, विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत अन्य नेता शामिल होंगे।
बैठक सुबह 10:30 बजे राजीव भवन में शुरू होगी। इसमें आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों के मुद्दों पर सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
तेलीबांधा-जोरा एलिवेटेड रोड में फ्लाईओवर की मांग
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने तेलीबांधा-जोरा प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का VIP चौक से एयरपोर्ट रोड की ओर करीब 500 मीटर अतिरिक्त विस्तार करने की मांग रखी।
सांसद ने VIP चौक के टी-जंक्शन को अतिरिक्त फ्लाईओवर से जोड़ने का भी आग्रह किया। इसके अलावा NH-130B के बलौदाबाजार से सारंगढ़ तक के शेष हिस्से को परियोजना में शामिल करने की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने सारंगढ़ तक NH-130B के 4-लेन निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
राजधानी में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का उत्साह
पैगंबर हजरत मुहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर आज छत्तीसगढ़ समेत देशभर में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी मनाया जा रहा है। राजधानी रायपुर में सुबह से ही उत्साह का माहौल है। शहर में कई स्थानों से जुलूस निकाले जा रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस की तैनाती की गई है। प्रमुख मार्गों और जुलूस वाले क्षेत्रों में पुलिस बल निगरानी रख रहा है।
सितंबर में 7 दिन बंद रहेगी मांस-मटन की बिक्री
रायपुर नगर निगम सीमा क्षेत्र में सितंबर महीने के दौरान सात प्रमुख पर्वों पर मांस-मटन की बिक्री और परोसने पर प्रतिबंध रहेगा। महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने नगरीय प्रशासन विभाग के आदेश के अनुरूप निर्देश जारी किया है।
निर्धारित तिथियों पर पशुवध गृहों के साथ सभी मांस-मटन विक्रय केंद्र बंद रखना अनिवार्य होगा। होटल और रेस्टोरेंट में भी मांस-मटन परोसने पर रोक रहेगी।
प्रतिबंध की प्रमुख तिथियां:
- 4 सितंबर – श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
- 7 सितंबर – पर्यूषण का प्रथम दिन
- 14 सितंबर – गणेश चतुर्थी
- 15 सितंबर – पर्यूषण का अंतिम दिवस
- 22 सितंबर – डोल ग्यारस
- 25 सितंबर – अनंत चतुर्दशी
- 26 सितंबर – संवत्सरी और उत्तम क्षमा
निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





