रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं कांग्रेस की महिला अध्यक्ष अल्का लांबा नए जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करेंगी। इसके अलावा राजधानी में आज से ओपन टेनिस टूर्नामेंट की शुरुआत होगी और मुहर्रम के अवसर पर ताजिये के जुलूस भी निकाले जाएंगे।
सीएम साय करेंगे नए लोगो का विमोचन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोपहर 2 बजे नवा रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां वे छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन करेंगे। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री अपने निवास लौटेंगे।
अल्का लांबा देंगी कांग्रेस जिलाध्यक्षों को प्रशिक्षण
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के दौरे के बीच महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा आज अभनपुर में आयोजित नए जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगी। शिविर का आज सातवां दिन है। समापन समारोह में प्रियंका गांधी के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है।
आज से शुरू होगा ओपन टेनिस टूर्नामेंट
रायपुर के वीआईपी क्लब, शंकरनगर में 26 से 28 जून तक टीपीएलआरएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में अंडर-12, अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के सिंगल्स और डबल्स मुकाबले होंगे। करीब 60 खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे। प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक लुकेश नेताम होंगे और विजेताओं को मेडल एवं योनेक्स किट बैग से सम्मानित किया जाएगा।
मुहर्रम पर निकलेगा मातमी जुलूस
मुहर्रम के अवसर पर राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में ताजिये के जुलूस निकाले जाएंगे। रायपुर के कर्बला में हजरत हुसैन की शहादत की याद में मजलिसों का आयोजन होगा।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
- मातमी जुलूस: मोमिनपारा से करबला तालाब तक
- संस्थान: हैदरी मस्जिद ट्रस्ट, मोमिनपारा
- समय: शाम 4:00 बजे
- हाईटेक आंगनबाड़ी बैठक
- संस्थान: महाराष्ट्र मंडल, रायपुर
- स्थान: टाटीबंध स्थित हाईटेक आंगनबाड़ी (प्ले स्कूल)
- समय: सुबह 10:30 बजे





