March 4, 2026

सीएम विष्णुदेव साय का जशपुर–रायगढ़ दौरा आज, 9 ट्रेनें रद्द; रायपुर में मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण और कई धार्मिक आयोजन

रायपुर। विष्णुदेव साय आज जशपुर और रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 10:45 बजे रायपुर हेलीपेड से जशपुर के लिए रवाना होंगे और ग्राम सिरिमकेला में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2:45 बजे कुनकुरी पहुंचेंगे। शाम 4:20 बजे कुनकुरी से रायगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां शाम 5:20 बजे अष्टभुजी महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री सर्किट हाउस रायगढ़ में रात्रि विश्राम करेंगे।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में अधोसंरचना विकास कार्य के कारण 13 से 15 फरवरी तथा 13 से 15 मार्च 2026 तक विभिन्न तिथियों में 9 मेमू/पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार बोरतलाव–दरेकसा खंड में बॉक्स पुशिंग कार्य और आरएच-गर्डर लॉन्चिंग/डी-लॉन्चिंग के चलते ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इससे रायपुर–डोंगरगढ़, डोंगरगढ़–गोंदिया, दुर्ग–गोंदिया समेत अन्य रूट प्रभावित रहेंगे।

इधर, रायपुर के लोधीपारा पंडरी स्थित सेफटेक इंस्टिट्यूट ग्रुप ऑफ एजुकेशन सोसायटी द्वारा 18 से 40 वर्ष की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और युवतियों के लिए एक माह का निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। पंजीयन 13 से 20 फरवरी तक सुबह 11 से दोपहर 2 बजे के बीच होगा। प्रशिक्षण 20 फरवरी से 20 मार्च तक संचालित किया जाएगा।

वहीं प्रदेश कांग्रेस ने गृह विभाग की उपलब्धियों पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि गृहमंत्री विजय शर्मा द्वारा बताई गई उपलब्धियां कागजी हैं और प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है।

शहर में आज विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मरीन ड्राइव और वीआईपी रोड स्थित लव कुश वाटिका में मातृ-पितृ पूजन दिवस का आयोजन होगा। श्रीनीलकंठेश्वर महादेव मंदिर, नहरपारा में शिवजी की बारात निकाली जाएगी। वहीं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा नवा रायपुर स्थित शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर में महाशिवरात्रि के अवसर पर आध्यात्मिक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।