छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों से भरा दिन रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव तक कई बड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं राजधानी रायपुर में छात्र राजनीति, ट्रैफिक और सामाजिक गतिविधियों को लेकर भी हलचल रहेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का व्यस्त कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह रायपुर के राम मंदिर स्थित महर्षि वाल्मीकि सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे मध्यप्रदेश के मंडला जिले के जेवरा रिपटा पहुंचेंगे, जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के निवास पर आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री के रायपुर लौटने का कार्यक्रम है।
सुशासन तिहार के तहत पंचायतों में मेगा आयोजन
प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में आज चावल महोत्सव, रोजगार दिवस और आवास दिवस का संयुक्त आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायतों का मौके पर समाधान किया जाएगा। ‘मोर गांव-मोर पानी-मोर तरिया’ अभियान के तहत जल संरक्षण और रोजगार सृजन पर विशेष जोर रहेगा।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे पीडब्ल्यूडी कार्यों की समीक्षा
लोक निर्माण मंत्री अरुण साव आज और कल नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में विभागीय कार्यों की समीक्षा करेंगे। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, सेतु निर्माण और सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा होगी। मानसून से पहले अधोसंरचना कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए जा सकते हैं।
NSUI का CM हाउस घेराव आज
छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर NSUI आज मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी। प्रदर्शन में प्रदेशभर से कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी भी कार्यक्रम में रह सकती है।
ई-चालान निपटाने का आज आखिरी मौका
राजधानी रायपुर में लंबित ई-चालानों के निपटारे के लिए आज अंतिम दिन है। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रजिस्ट्रेशन नहीं कराने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ आगे जब्ती की कार्रवाई हो सकती है। मामलों को 9 मई की नेशनल लोक अदालत में रखा जाएगा।
351 रुपए में शुरू हुई एम्बुलेंस सेवा
रोटरी क्लब ऑफ रायपुर ग्रेटर ने जरूरतमंदों के लिए मात्र 351 रुपए में एम्बुलेंस सेवा शुरू करने की घोषणा की है। इसी कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच हस्तियों को सम्मानित भी किया गया।
हरे माधव दरबार में बाल संस्कार समर कैंप शुरू
महावीरनगर स्थित हरे माधव दरबार साहिब में बाल संस्कार समर कैंप की शुरुआत हो गई है। 30 मई तक चलने वाले इस शिविर में बच्चों को नैतिक शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रेस क्लब में ग्रीष्मकालीन चित्रकला शिविर जारी
रायपुर प्रेस क्लब परिसर में महिला एवं बाल चित्रकला शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बच्चों को विभिन्न कला तकनीकों और ‘वेस्ट से बेस्ट’ थीम पर रचनात्मक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।





