रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज प्रशासनिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का व्यस्त दिन रहने वाला है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम, सहयोग केंद्र में जनसुनवाई, नई रेल लाइन पर स्पीड ट्रायल और चित्रकोट महोत्सव जैसे कई महत्वपूर्ण आयोजन आज निर्धारित हैं।
सीएम विष्णुदेव साय का दिनभर का कार्यक्रम
विष्णुदेव साय सुबह 9:30 बजे मोवा स्थित सतनाम भवन पहुंचेंगे। इसके बाद 10:55 बजे मंत्रालय में विभिन्न विभागीय बैठकों में शामिल होंगे।
दोपहर 3 बजे वे रायपुर से बिलासपुर के बोदरी के लिए रवाना होंगे और वहां मुख्य न्यायाधीश के आवास पर जाएंगे। शाम करीब 7 बजे मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे।
भाजपा सहयोग केंद्र में आज टंकराम वर्मा सुनेंगे समस्याएं
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में दो दिवसीय सहयोग केंद्र लगाया गया है।
आज मंत्री टंकराम वर्मा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आम जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। वहीं कल मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े जनसुनवाई करेंगी।
अभनपुर-कुरुद नई रेल लाइन पर हाई-स्पीड ट्रायल
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल अंतर्गत नवनिर्मित अभनपुर-कुरुद ब्रॉड गेज लाइन पर आज स्पीड ट्रायल होगा।
दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे के बीच कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी, दक्षिण पूर्व सर्कल कोलकाता द्वारा विशेष ट्रेन के माध्यम से ट्रैक की मजबूती और सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी।
राज्य उपभोक्ता आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस
छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग द्वारा आज दोपहर 2 बजे रायपुर के पंडरी स्थित कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें लंबित प्रकरणों और हालिया आदेशों पर जानकारी दी जाएगी।
आज से चित्रकोट महोत्सव-2026 की शुरुआत
बस्तर के विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के तट पर आज शाम 4 बजे से दो दिवसीय चित्रकोट महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ होगा। राज्य शासन और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने का अवसर बनेगा।





