रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव-2026 में शामिल होंगे। वह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और शाम 4 से 5 बजे तक महोत्सव में मौजूद रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 3:50 बजे कृषि विश्वविद्यालय पहुंचेंगे और शाम 5:20 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
IGKV में तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव शुरू
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 29 से 31 मई तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका द्वारा शाम 4 बजे किया जाएगा, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
महोत्सव में देश-विदेश की 250 से अधिक आम की किस्मों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इनमें दशहरी, लंगड़ा, अल्फांसो, केसर, मालदा, तोतापरी, आम्रपाली, मल्लिका और मियाजाकी जैसी प्रमुख किस्में शामिल रहेंगी।
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान आम आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी होंगी, जिनमें आम सजावट, मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस, बोनसाई, मॉडल प्रतियोगिता और आम से बने व्यंजन जैसे अचार, पना, आमरस, जैम और मिठाइयों की प्रतियोगिता प्रमुख हैं।
रायपुर कांग्रेस जिला कार्यकारिणी की बैठक आज
रायपुर के गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन में आज जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता एआईसीसी सह-सचिव और रायपुर जिला प्रभारी विजय जांगिड़ करेंगे।
इस बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। इसमें जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष शामिल होंगे।
जल संकट को लेकर निगम दफ्तर घेराव की चेतावनी
रायपुर नगर निगम जोन-1 के बंजारी माता वार्ड में पानी की गंभीर समस्या सामने आई है। दो बड़ी पानी टंकियां होने के बावजूद पिछले एक साल से कई इलाकों में नियमित जल आपूर्ति बाधित है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रामेश्वरनगर, बुनियाद नगर, कमलचौक और केबिन पारा जैसे क्षेत्र ड्राई जोन में बदल चुके हैं। पहले यह इलाका टैंकर-फ्री था, लेकिन अब हालात फिर बिगड़ गए हैं और लोग टैंकरों पर निर्भर हैं।
पूर्व एमआईसी मेंबर और पार्षद नागभूषण राव ने आरोप लगाया है कि जलबोर्ड समिति की अनदेखी के कारण समस्या बढ़ रही है। उन्होंने 29 मई को जोन कमिश्नरी घेराव और धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।





