रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नक्सल उन्मूलन को लेकर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। मंगलवार को जगदलपुर से रायपुर पहुंचे मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने में माहिर है। उन्होंने कहा कि यदि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने उतना प्रभावी काम किया होता, जितना अब दावा किया जा रहा है, तो प्रदेश में नक्सलवाद काफी पहले कमजोर पड़ गया होता।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार की मंशा शुरू से ही छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभाव खत्म करने की रही है, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण लंबे समय तक प्रदेश का बड़ा हिस्सा हिंसा से प्रभावित रहा। उन्होंने कहा कि आज बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल केंद्र सरकार की स्पष्ट नीति, राज्य सरकार की प्रतिबद्धता, सुरक्षा बलों के पराक्रम और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार बस्तर को हिंसा और पिछड़ेपन की पहचान से बाहर निकालकर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इधर, नक्सलवाद के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर कांग्रेस ने भी पलटवार किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अमित शाह छत्तीसगढ़ आकर झूठ बोल गए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बस्तर के कैंपों में राशन दुकान, स्कूल, सोलर लाइट, आंगनबाड़ी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं। भूपेश बघेल ने कहा कि अमित शाह ने अपने दौरे के दौरान सुकमा जिले के कैंपों का निरीक्षण किया था और वहां व्यवस्थाएं बेहतर मिली थीं।
प्रदेशभर में आज दवा दुकानें बंद रहेंगी। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में एक दिवसीय हड़ताल की जा रही है। हड़ताल के दौरान केवल अस्पतालों के भीतर संचालित मेडिकल स्टोर और सरकारी दवा केंद्र खुले रहेंगे।
वहीं रायपुर में आज डाक अदालत का आयोजन किया जाएगा। स्टेशन रोड स्थित रायपुर गंज उपडाकघर परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होने वाली इस अदालत में डाक वितरण, स्पीड पोस्ट, बचत योजनाएं, मनीऑर्डर, डाक जीवन बीमा समेत अन्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का समाधान किया जाएगा।
महंगाई और सोना-चांदी की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने रायपुर के सराफा बाजारों में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों, ग्राहकों और कारीगरों से मुलाकात कर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों का विरोध किया। कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोना नहीं खरीदने संबंधी बयान को अव्यवहारिक बताते हुए व्यापार और अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदायक बताया।
इधर आरंग में खाद और डीजल की मांग को लेकर किसानों ने आज प्रदर्शन का ऐलान किया है। किसानों का आरोप है कि प्रति एकड़ खाद की आपूर्ति में कटौती कर दी गई है, जबकि खेती का काम शुरू हो चुका है। डीजल की कमी के कारण जुताई प्रभावित हो रही है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
रायपुर में आज विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। बूढ़ापारा स्थित श्रीगिरिराज मंदिर में परमानंद महोत्सव के तहत विशेष पूजा-अर्चना होगी। लाखेनगर स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा, जबकि स्टेशन रोड गुरुद्वारे में समर क्लासेस का आयोजन होगा।





